IPL चैंपियन कप्तान रजत पाटीदार MPPL में फेल, पहले ही मैच में टीम को मिली करारी हार; माधव तिवारी ने पलटा मैच

आईपीएल 2026 में आरसीबी को चैंपियन बनाने वाले रजत पाटीदार की मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग में शुरुआत निराशाजनक रही। ग्वालियर चीताज की कप्तानी कर रहे पाटीदार पहले मैच में सिर्फ 11 रन बना सके, जबकि उनकी टीम 92 रन से हार गई।

iconPublished: 04 Jun 2026, 11:30 AM
iconUpdated: 04 Jun 2026, 11:39 AM

MPPL 2026, Rajat Patidar faced defeat: आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने वाले रजत पाटीदार के लिए मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत बिल्कुल भी यादगार नहीं रही। आईपीएल ट्रॉफी जीतने के महज 72 घंटे बाद ही उन्हें कप्तान के तौर पर बड़ी हार का सामना करना पड़ा। ग्वालियर चीताज की कप्तानी कर रहे पाटीदार का बल्ला भी नहीं चला और उनकी टीम को पहले ही मुकाबले में करारी शिकस्त झेलनी पड़ी।

MPPL 2026 के उद्घाटन मुकाबले में उज्जैन फाल्कंस ने ग्वालियर चीताज को 92 रन के बड़े अंतर से हराया। इस मैच में 22 वर्षीय ऑलराउंडर माधव तिवारी ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रहे माधव इस मुकाबले के सबसे बड़े हीरो साबित हुए।

MPPL 2026: 222 रन के लक्ष्य के सामने बिखर गई रजत पाटीदार की टीम

ग्वालियर चीताज को जीत के लिए 222 रन का लक्ष्य मिला था, लेकिन टीम इस बड़े लक्ष्य के दबाव को नहीं झेल सकी। पूरी टीम सिर्फ 14.2 ओवर में 129 रन पर ऑलआउट हो गई। मुकाबले में ग्वालियर के बल्लेबाज शुरुआत से ही संघर्ष करते नजर आए और टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी। नतीजतन रजत पाटीदार की कप्तानी वाली टीम को 92 रन की बड़ी हार का सामना करना पड़ा।

Image

MPPL 2026: पाटीदार समेत बल्लेबाजी पूरी तरह रही फ्लॉप

बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान रजत पाटीदार से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वह सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हो गए। टीम के छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। ग्वालियर चीताज की ओर से सबसे ज्यादा 46 रन ओपनर पार्थ चौधरी ने बनाए, जबकि कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक तक नहीं पहुंच सका। खराब बल्लेबाजी ही टीम की हार का सबसे बड़ा कारण बनी।

MPPL 2026: माधव तिवारी ने गेंद से भी दिखाया दम

माधव तिवारी ने सिर्फ बल्ले से ही नहीं बल्कि गेंद से भी मैच में बड़ा असर डाला। उन्होंने 1.2 ओवर की गेंदबाजी में 11 रन देकर दो विकेट हासिल किए। माधव ने पहले कुलदीप गेही को पवेलियन भेजा और फिर आकाश रघुवंशी का विकेट लेकर ग्वालियर की पारी का अंत किया। कम गेंदों में दो अहम विकेट लेकर उन्होंने अपनी टीम की जीत पर मुहर लगाने का काम किया।

Image

MPPL 2026: पहले बल्ले से जड़ा तूफानी अर्धशतक

गेंदबाजी से पहले माधव तिवारी ने बल्लेबाजी में भी शानदार प्रदर्शन किया। नंबर-4 पर उतरकर उन्होंने सिर्फ 31 गेंदों में नाबाद 62 रन बनाए। उनकी इस विस्फोटक पारी में 4 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। 200 के स्ट्राइक रेट से खेली गई इस पारी की बदौलत उज्जैन फाल्कंस ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 221 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रहे माधव ने इस प्रदर्शन से साबित कर दिया कि वह सिर्फ गेंदबाज ही नहीं, बल्कि एक बेहतरीन ऑलराउंडर भी हैं।