IPL में नहीं मिला मौका, मुंबई टी20 लीग में हैट्रिक लेकर ओंकार तरमले ने दिया करारा जवाब

आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से एक भी मैच नहीं खेल पाने वाले युवा तेज गेंदबाज ओंकार तरमले ने मुंबई टी20 लीग में शानदार वापसी की है। ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स के लिए खेलते हुए उन्होंने आकाश टाइगर्स के खिलाफ अपने पहले ही ओवर में हैट्रिक लेकर सुर्खियां बटोरीं और मुंबई टी20 लीग के इतिहास में यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे गेंदबाज बन गए।

iconPublished: 03 Jun 2026, 10:41 PM
iconUpdated: 03 Jun 2026, 11:34 PM

Onkar Tarmale took a hat-trick: आईपीएल 2026 में मौका नहीं मिलने का दर्द शायद ओंकार तरमले के मन में था, लेकिन उन्होंने उसका जवाब मैदान पर अपने प्रदर्शन से दिया। सनराइजर्स हैदराबाद के स्क्वाड का हिस्सा रहे 23 वर्षीय तेज गेंदबाज को पूरे सीजन एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। हालांकि मुंबई टी20 लीग में उतरते ही उन्होंने अपनी गेंदबाजी से सभी का ध्यान खींच लिया और यह साबित कर दिया कि उनमें बड़े स्तर पर खेलने की क्षमता मौजूद है।

मुंबई टी20 लीग के दूसरे सीजन में ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स की ओर से खेल रहे ओंकार तरमले ने आकाश टाइगर्स एमडब्ल्यूएस के खिलाफ मुकाबले में हैट्रिक लेकर सुर्खियां बटोरीं। खास बात यह रही कि उन्होंने यह कारनामा अपने पहले ही ओवर में किया। इसके साथ ही वह मुंबई टी20 लीग के इतिहास में हैट्रिक लेने वाले सिर्फ दूसरे गेंदबाज बन गए हैं।

पहले ही ओवर में हैट्रिक लेकर मचाया धमाल

वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स के कप्तान शार्दुल ठाकुर ने तीसरा ओवर ओंकार तरमले (Onkar Tarmale) को सौंपा और उन्होंने आते ही मैच का रुख बदल दिया। ओंकार ने अपनी दूसरी गेंद पर वरुण लवांदे को आउट किया, फिर अगली गेंद पर आकाश आनंद का विकेट लिया और उसके बाद अजीत यादव को एलबीडब्ल्यू कर हैट्रिक पूरी कर ली। उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 20 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।

वरुण, आकाश और अजीत बने हैट्रिक का शिकार

ओंकार (Onkar Tarmale) की हैट्रिक का शिकार वरुण लवांदे, आकाश आनंद और अजीत यादव बने। लगातार तीन गेंदों पर तीन विकेट गिरने से आकाश टाइगर्स की बल्लेबाजी पूरी तरह दबाव में आ गई। ओंकार की इस स्पेल ने न सिर्फ विपक्षी टीम को बैकफुट पर धकेला बल्कि मैच में ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स की पकड़ भी मजबूत कर दी।

आईपीएल में रहे बेंच पर, SRH ने नहीं दिया मौका

सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 की नीलामी में ओंकार तरमले (Onkar Tarmale) को 30 लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन वह पूरे सीजन एक भी मैच नहीं खेल सके। शुरुआती दौर में फिटनेस समस्या के कारण वह उपलब्ध नहीं थे, जबकि फिट होने के बाद भी उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली। अब मुंबई टी20 लीग में शानदार प्रदर्शन कर उन्होंने फ्रेंचाइजी के फैसले का जवाब अपने खेल से दिया है।

Image

कौन हैं Onkar Tarmale?

23 वर्षीय ओंकार तरमले (Onkar Tarmale) घरेलू क्रिकेट में मुंबई की ओर से खेलते हैं। उन्होंने अब तक 2 फर्स्ट क्लास और 4 लिस्ट-ए मुकाबले खेले हैं, जिनमें क्रमशः 5 और 4 विकेट अपने नाम किए हैं। मुंबई टी20 लीग के मौजूदा सीजन में उनका प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है। हैट्रिक से पहले भी उन्होंने बांद्रा ब्लास्टर्स के खिलाफ मैच में 28 रन देकर तीन विकेट झटके थे, जिससे उनकी टीम ने 9 विकेट से जीत दर्ज की थी।