Suryakumar Yadav की कप्तानी पर बढ़ा खतरा! टी20 टीम की कमान संभाल सकते हैं श्रेयस अय्यर; सिलेक्शन पर भी उठे सवाल

Suryakumar Yadav: टी20 वर्ल्ड कप 2026 जिताने के बावजूद सूर्यकुमार यादव की टी20 कप्तानी पर खतरा मंडरा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक बीसीसीआई आयरलैंड और इंग्लैंड सीरीज से पहले नए कप्तान का ऐलान कर सकती है।

iconPublished: 03 Jun 2026, 11:36 PM
iconUpdated: 03 Jun 2026, 11:48 PM

Suryakumar Yadav captaincy in danger: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के बावजूद भारतीय टी20 टीम की कप्तानी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार बीसीसीआई अब टी20 फॉर्मेट में नई लीडरशिप की ओर बढ़ने का मन बना चुकी है, जिसमें मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार यादव की जगह पर नए चेहरे को जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। इतना ही नहीं, टीम में उनके चयन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

बताया जा रहा है कि जून के आखिर में आयरलैंड और फिर जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज से पहले नए कप्तान का ऐलान किया जा सकता है। कप्तानी की रेस में श्रेयस अय्यर का नाम सबसे आगे माना जा रहा है, जबकि तिलक वर्मा भी दावेदारों की सूची में शामिल हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में भारतीय टी20 टीम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

खराब फॉर्म ने बढ़ाई Suryakumar Yadav की मुश्किलें

टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बावजूद सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) का व्यक्तिगत प्रदर्शन लगातार सवालों के घेरे में रहा है। पिछले दो सालों में उनका बल्ला उम्मीद के मुताबिक नहीं चला और बड़े टूर्नामेंटों में भी वह अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहे। रिपोर्ट्स के मुताबिक चयन समिति, बीसीसीआई और टीम प्रबंधन के बीच हुई चर्चाओं के बाद यह माना जा रहा है कि अब भारतीय टीम को नए कप्तान के साथ आगे बढ़ना चाहिए। इसी कारण सूर्यकुमार यादव की कप्तानी ही नहीं, बल्कि टीम में उनकी जगह पर भी सस्पेंस बना हुआ है।

कप्तानी की रेस में सबसे आगे श्रेयस अय्यर

सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) की जगह लेने वाले संभावित खिलाड़ियों में श्रेयस अय्यर का नाम सबसे मजबूत माना जा रहा है। चोट के कारण वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 का हिस्सा नहीं बन सके थे, लेकिन घरेलू और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में कप्तान के तौर पर उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। अय्यर ने कई मौकों पर अपनी नेतृत्व क्षमता साबित की है और यही वजह है कि बीसीसीआई उन्हें टी20 टीम की कमान सौंपने पर विचार कर रही है।

तिलक वर्मा भी बने दावेदार

श्रेयस अय्यर के अलावा तिलक वर्मा का नाम भी कप्तानी की दौड़ में शामिल बताया जा रहा है। पिछले कुछ वर्षों में तिलक ने खुद को एक भरोसेमंद और मैच जिताने वाले खिलाड़ी के रूप में स्थापित किया है। उन्हें श्रीलंका दौरे पर जाने वाली इंडिया-ए टीम की कप्तानी भी सौंपी गई है, जिससे साफ संकेत मिलता है कि चयनकर्ता उन्हें भविष्य के नेतृत्व विकल्प के तौर पर देख रहे हैं। हालांकि इंटरनेशनल स्तर पर उन्होंने अभी तक भारत की कप्तानी नहीं की है।

Image

Suryakumar Yadav की कप्तानी का कैसा रहा रिकॉर्ड?

साल 2024 में रोहित शर्मा के टी20 क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav)को टीम इंडिया की कप्तानी सौंपी गई थी। उनकी कप्तानी में भारत ने लगातार आठ टी20 सीरीज जीतीं, 2025 एशिया कप अपने नाम किया और फिर टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब भी जीता। हालांकि कप्तान के तौर पर सफलता के बावजूद बल्लेबाज के रूप में उनका प्रदर्शन लगातार गिरता रहा, जो अब उनके भविष्य पर सबसे बड़ा सवाल बनकर खड़ा है। यही कारण है कि चयनकर्ता नए कप्तान और नई दिशा की ओर बढ़ने पर विचार कर रहे हैं।