IND vs AFG: अफगानिस्तान वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका, विराट कोहली हुए बाहर; सामने आई वजह

अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इंजरी के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं।

iconPublished: 04 Jun 2026, 11:04 AM
iconUpdated: 04 Jun 2026, 11:11 AM

IND vs AFG, Virat Kohli ruled out: अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते सीरीज से बाहर हो गए हैं। कोहली हाल ही में आईपीएल 2026 में शानदार फॉर्म में नजर आए थे और उनसे अफगानिस्तान के खिलाफ भी बड़े प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही थी। ऐसे में उनका बाहर होना भारतीय टीम के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गया है।

विराट कोहली (Virat Kohli) की गैरमौजूदगी भारतीय बल्लेबाजी क्रम को कमजोर कर सकती है। खासकर तब जब टीम को अगले कुछ महीनों में कई अहम अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज से पहले आई यह खबर फैंस के लिए भी निराशाजनक है, क्योंकि लंबे समय बाद कोहली वनडे क्रिकेट में एक और बड़ी सीरीज खेलने वाले थे।

IND vs AFG: IPL फाइनल के दौरान लगी चोट

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विराट कोहली (Virat Kohli) को हैमस्ट्रिंग इंजरी आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले के दौरान हुई थी। गुजरात टाइटन्स के खिलाफ खेलते हुए वह आखिरी ओवरों में दौड़ते समय असहज नजर आए थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने मैदान नहीं छोड़ा और टीम को जीत दिलाने के बाद ही बाहर गए। बाद में हुई मेडिकल जांच में चोट की पुष्टि हुई, जिसके कारण उन्हें वनडे सीरीज से बाहर होना पड़ा।

IND vs AFG: शानदार फॉर्म में थे किंग कोहली

आईपीएल 2026 में विराट कोहली (Virat Kohli) का बल्ला जमकर बोला था। उन्होंने 16 मैचों में 675 रन बनाए, जिसमें एक शतक भी शामिल रहा। फाइनल मुकाबले में उनकी नाबाद 75 रन की पारी ने आरसीबी को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। इसी वजह से अफगानिस्तान सीरीज में भी उनसे बड़ी पारियों की उम्मीद की जा रही थी।

Virat Kohli Dethroned As No. 1 Batter In ICC ODI Rankings Despite Indore Hundred | Cricket News

IND vs AFG: 13 जून से शुरू होगी वनडे सीरीज

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज 13 जून को धर्मशाला में होगा। दूसरा मुकाबला 17 जून को लखनऊ और तीसरा वनडे 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा। इससे पहले दोनों टीमों के बीच 6 जून से 10 जून तक एकमात्र टेस्ट मैच भी खेला जाना है, जिसके बाद वनडे सीरीज शुरू होगी।

IND vs AFG: अफगानिस्तान वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम

अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज (IND vs AFG) के लिए भारतीय टीम की कमान शुभमन गिल के हाथों में है, जबकि श्रेयस अय्यर उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे। टीम में रोहित शर्मा, केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, कुलदीप यादव और अर्शदीप सिंह जैसे अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं। विराट कोहली के बाहर होने के बाद अब बाकी बल्लेबाजों पर अतिरिक्त जिम्मेदारी आ गई है।