33 की उम्र में IPL डेब्यू, कौन हैं रघु शर्मा जिन्हें मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ दिया मौका?

मुंबई इंडियंस ने चेन्नई के खिलाफ मुकाबले में 33 वर्षीय लेग स्पिनर रघु शर्मा को डेब्यू का मौका दिया। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें आखिरकार आईपीएल में खुद को साबित करने का बड़ा मंच मिला है।

iconPublished: 02 May 2026, 09:03 PM
iconUpdated: 02 May 2026, 09:13 PM

Who is Raghu Sharma? आईपीएल 2026 के 44वें मुकाबले में चेन्नई के चेपॉक मैदान पर मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स आमने-सामने हैं। टीम ने अनुभवी लेग स्पिनर रघु शर्मा को डेब्यू का मौका दिया, जो इस मैच की सबसे बड़ी चर्चा बन गए।

कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस से पहले रघु शर्मा को डेब्यू कैप सौंपी। 33 साल की उम्र में आईपीएल में कदम रखना किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान नहीं होता, लेकिन रघु की यह एंट्री उनके लंबे संघर्ष और धैर्य की कहानी बयां करती है।

कौन हैं Raghu Sharma?

रघु शर्मा (Raghu Sharma) पंजाब के जालंधर से आते हैं और घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हुए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। वह दाएं हाथ के लेग स्पिनर हैं, जो अपनी सटीक लाइन-लेंथ और पारंपरिक फ्लाइट के लिए जाने जाते हैं।उन्होंने पंजाब, पुडुचेरी और उत्तराखंड की टीमों का प्रतिनिधित्व किया है। खास तौर पर रणजी ट्रॉफी 2024-25 में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ 7 विकेट लेकर उन्होंने चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा था।

33 की उम्र में मौका, संघर्ष का इनाम

रघु शर्मा (Raghu Sharma) का आईपीएल डेब्यू इस बात का उदाहरण है कि मेहनत और धैर्य का फल देर से ही सही, लेकिन जरूर मिलता है। उन्होंने अब तक 12 प्रथम श्रेणी मैचों में 57 विकेट लिए हैं, जबकि लिस्ट ए क्रिकेट में उनके नाम 18 विकेट दर्ज हैं।

मुंबई ने पहले ही दिखाया था भरोसा

मुंबई इंडियंस ने रघु शर्मा को 2025 के मेगा ऑक्शन में 30 लाख रुपये में टीम में शामिल किया था, जब वह विग्नेश पुथुर के रिप्लेसमेंट के रूप में आए थे। हालांकि उस पूरे सीजन में उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। फ्रेंचाइजी ने उनके टैलेंट पर भरोसा बनाए रखा और 2026 सीजन के लिए भी उन्हें टीम में बरकरार रखा। आखिरकार अब उन्हें खुद को साबित करने का बड़ा मंच मिल गया है।

Read More: CSK vs MI: चेन्नई या मुंबई, हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में किसका पलड़ा भारी?

MS Dhoni: सीएसके के मैच वाले दिन एमएस धोनी डगआउट से भी रहते हैं गायब, क्या है वजह? कोच ने कर डाला खुलासा

'किसी को जवाब देने की जरूरत नहीं...' वेपिंग विवाद के बाद मिली हार के बाद RR कप्तान रियान पराग का फूटा गुस्सा, किसपर निकाली भड़ास?