IPL 2026: मुंबई इंडियंस को लगा तगड़ा झटका, चोटिल स्पिन ऑलराउंडर बाहर, 21 साल के खिलाड़ी की हुई स्क्वाड में एंट्री
आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस को बड़ा झटका लगा है, जहां चोटिल अथर्व अंकोलेकर पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह 21 साल के ऑलराउंडर कृष भगत को स्क्वाड में शामिल किया गया है, जो टीम को संतुलन देने की कोशिश करेंगे।
IPL 2026, Mumbai Indians signed replacement: आईपीएल 2026 में अपनी लय तलाश रही मुंबई इंडियंस की टीम को एक और बड़ा झटका लगा है। सीजन के बीच टीम को चोट का सामना करना पड़ा है, जिससे उनके संयोजन पर सीधा असर पड़ सकता है। पहले से ही लगातार हार झेल रही टीम के लिए यह खबर किसी बड़े झटके से कम नहीं है।
मुंबई इंडियंस को 16 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ अपना अगला मुकाबला खेलना है, लेकिन इस अहम मैच से ठीक पहले टीम को मजबूरन बदलाव करना पड़ा है। युवा स्पिन ऑलराउंडर अथर्व अंकोलेकर चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं, जिससे टीम का बैलेंस प्रभावित हुआ है।
IPL 2026: अथर्व अंकोलेकर बाहर, कृष भगत को मिला मौका
आईपीएल (IPL 2026) की ओर से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, मुंबई इंडियंस ने अथर्व अंकोलेकर की जगह 21 साल के पंजाब के ऑलराउंडर कृष भगत को स्क्वाड में शामिल किया है। भगत को 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर टीम से जोड़ा गया है।
🚨 News 🚨@mipaltan sign Krish Bhagat as a replacement for Atharva Ankolekar.
कृष भगत घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने पंजाब के लिए 7 फर्स्ट क्लास और 9 लिस्ट ए मुकाबले खेले हैं। दाएं हाथ के मध्यम गति के तेज गेंदबाज भगत बल्लेबाजी में भी योगदान दे सकते हैं और लिस्ट ए क्रिकेट में अर्धशतक भी जड़ चुके हैं। ऐसे में मुंबई इंडियंस को उनसे ऑलराउंड प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
IPL 2026: टीम में संतुलन लाने की कोशिश
कृष भगत पिछले कुछ समय से मुंबई इंडियंस के रडार पर थे और टीम के ट्रायल्स का हिस्सा भी रहे हैं। वह डीवाई पाटिल टी20 कप में रिलायंस टीम के लिए खेल चुके हैं और सीजन शुरू होने से पहले टीम के साथ बतौर सहायक गेंदबाज जुड़े हुए थे।
वहीं अथर्व अंकोलेकर की बात करें तो वह 2020 अंडर-19 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने अंडर-19 एशिया कप फाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता था। ऐसे में उनका बाहर होना टीम के लिए बड़ा नुकसान है।
IPL 2026: लगातार हार से जूझ रही है मुंबई
मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 की शुरुआत कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ जीत के साथ की थी, लेकिन इसके बाद टीम की लय बिगड़ गई। दिल्ली कैपिटल्स, राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ लगातार तीन हार ने टीम को दबाव में डाल दिया है।
फिलहाल मुंबई इंडियंस पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर है और टीम को वापसी के लिए जल्द ही जीत की पटरी पर लौटना होगा। अब पंजाब किंग्स के खिलाफ होने वाला मुकाबला उनके लिए बेहद अहम रहने वाला है, जहां नए खिलाड़ी कृष भगत पर भी सभी की नजरें टिकी रहेंगी।