खलील अहमद की चोट ने चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका दिया है, जिससे उनकी गेंदबाजी कमजोर हुई है। अब टीम को आगामी मैचों में नए खिलाड़ियों पर भरोसा करना होगा।
IPL 2026: चेन्नई सुपर किंग्स को लगा एक और बड़ा झटका, चोट के चलते ये स्टार गेंदबाज पूरे सीजन से हुआ बाहर
IPL 2026, Khaleel Ahmed ruled out: आईपीएल 2026 के बीच चेन्नई सुपर किंग्स के खेमे से एक बेहद निराशाजनक खबर सामने आई है। टीम के स्टार बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद चोट के चलते टूर्नामेंट के बाकी सभी मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। यह खबर ऐसे समय में आई है जब टीम लय पकड़ने की कोशिश कर रही थी।
फ्रेंचाइज़ी द्वारा जारी आधिकारिक बयान में बताया गया कि खलील को मांसपेशियों में गंभीर चोट लगी है, जिसे ठीक होने में कम से कम 12 हफ्तों का समय लगेगा। उन्हें यह चोट 14 अप्रैल को कोलकाता के खिलाफ मुकाबले के दौरान लगी थी, जहां वह अपना ओवर बीच में ही छोड़कर मैदान से बाहर चले गए थे।
IPL 2026: सीएसके के लिए दोहरा झटका
खलील अहमद का बाहर होना चेन्नई के लिए दोहरा झटका साबित हो सकता है। टीम पहले से ही चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रही है। दिग्गज कप्तान एमएस धोनी फिटनेस को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। हालांकि वह अभ्यास सत्र में नजर आए हैं, लेकिन अब तक पूरी तरह मैच फिट नहीं हुए हैं। इसके अलावा ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज नाथन एलिस पहले ही बाहर चल रहे हैं, जबकि उनके रिप्लेसमेंट स्पेंसर जॉनसन अब तक टीम से नहीं जुड़ पाए हैं। ऐसे में सीएसके की गेंदबाजी यूनिट काफी कमजोर नजर आ रही है।
OFFICIAL ANNOUNCEMENT
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) April 16, 2026
Khaleel Ahmed has been ruled out of IPL 2026 after sustaining a right quadricep injury in the game against KKR.
Wishing Khaleel a speedy recovery.#WhistlePodu pic.twitter.com/PFQz3iSWRq
IPL 2026: इन खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका
खलील की गैरमौजूदगी में टीम के पास दो प्रमुख विकल्प मौजूद हैं। पहला नाम मुकेश चौधरी का है, जो बाएं हाथ से स्विंग गेंदबाजी करते हैं और पहले भी सीएसके के लिए प्रभावशाली प्रदर्शन कर चुके हैं। दूसरा विकल्प रामकृष्ण घोष हैं, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। घोष ने हाल ही में मुंबई के खिलाफ 27 गेंदों में 64 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी और हिमाचल के खिलाफ 7 विकेट झटके थे, जिससे वह टीम मैनेजमेंट की नजरों में आ गए हैं।
IPL 2026: हैदराबाद के खिलाफ किसे मिलेगा मौका?
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि शनिवार को हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में कप्तान रुतुराज गायकवाड़ किस खिलाड़ी पर भरोसा जताते हैं। टीम के संतुलन को देखते हुए मुकेश अनुभव के कारण आगे हो सकते हैं, लेकिन घोष का ऑलराउंड प्रदर्शन भी उन्हें मजबूत दावेदार बनाता है। आने वाले मैच में यह देखना दिलचस्प होगा कि चेन्नई सुपर किंग्स इस चुनौती से कैसे उबरती है और क्या नए खिलाड़ी इस मौके को भुना पाते हैं या नहीं।