IPL 2026 के फाइनल में नजर आएंगे वैभव सूर्यवंशी, मुकाबले से पहले पहुंचे अहमदाबाद; हो सकता है बड़ा दिन

आईपीएल 2026 के फाइनल से पहले वैभव सूर्यवंशी अहमदाबाद पहुंच गए हैं। राजस्थान रॉयल्स के बाहर होने के बावजूद युवा बल्लेबाज ऑरेंज कैप जीतने के प्रबल दावेदार हैं और अवॉर्ड सेरेमनी में सम्मानित होते नजर आ सकते हैं।

iconPublished: 31 May 2026, 10:44 PM
iconUpdated: 31 May 2026, 10:45 PM

वैभव ने इस सीजन जिस तरह गेंदबाजों पर कहर बरपाया, उसने उन्हें टूर्नामेंट के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में शामिल कर दिया। राजस्थान रॉयल्स की टीम फाइनल का टिकट हासिल नहीं कर सकी, लेकिन वैभव का प्रदर्शन इतना शानदार रहा कि खिताबी मुकाबले के दौरान भी उनकी चर्चा लगातार बनी हुई है। माना जा रहा है कि फाइनल के बाद होने वाली अवॉर्ड सेरेमनी में वह सबसे बड़े व्यक्तिगत पुरस्कारों में से एक अपने नाम कर सकते हैं।

अहमदाबाद पहुंचे Vaibhav Sooryavanshi

समाचार एजेंसी एएनआई द्वारा साझा किए गए वीडियो में वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) अहमदाबाद एयरपोर्ट पर दिखाई दिए। उनके साथ राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर भी मौजूद थे। वैभव फाइनल मुकाबले का आनंद लेने के लिए अहमदाबाद पहुंचे हैं, लेकिन उनकी मौजूदगी का एक और बड़ा कारण भी माना जा रहा है। सीजन के अंत में दिए जाने वाले व्यक्तिगत पुरस्कारों में उनका नाम सबसे आगे चल रहा है, जिसके चलते वह अवॉर्ड सेरेमनी का हिस्सा बन सकते हैं।

ऑरेंज कैप पर लगभग पक्का कब्जा

फाइनल से पहले ऑरेंज कैप की रेस में वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi), शुभमन गिल और साई सुदर्शन के बीच कड़ी टक्कर थी। हालांकि खिताबी मुकाबले में गुजरात टाइटंस के दोनों बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं रहे। इसके बाद वैभव का टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में शीर्ष स्थान बरकरार रहा। ऐसे में अब लगभग तय माना जा रहा है कि फाइनल के बाद ऑरेंज कैप वैभव सूर्यवंशी के सिर पर सजेगी।

776 रन बनाकर रचा इतिहास

वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) ने आईपीएल 2026 में 16 मैचों में 776 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और पांच अर्धशतक निकले। वह दो बार शतक के बेहद करीब पहुंचकर चूक गए। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर में उन्होंने 97 रन बनाए थे, जबकि क्वालिफायर-2 में उनके बल्ले से 96 रनों की शानदार पारी निकली। उनकी बल्लेबाजी ने पूरे सीजन दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

Vaivhav Sooryavanshi finished the IPL with the Orange Cap on his head, Gujarat Titans vs Rajasthan Royals, IPL 2026 Qualifier 2, New Chandigarh, May 29, 2026

स्ट्राइक रेट ने बनाया सबसे खतरनाक बल्लेबाज

इस सीजन वैभव (Vaibhav Sooryavanshi) ने 48.50 की औसत और 237.30 की अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से रन बनाए। यही वजह रही कि विरोधी टीमों के गेंदबाज उनके सामने गेंदबाजी करने से बचते नजर आए। दूसरी ओर शुभमन गिल ने 16 मैचों में 732 रन और साई सुदर्शन ने 17 मैचों में 722 रन बनाए। हालांकि रन बनाने की इस दौड़ में वैभव सबसे आगे रहे और अब फाइनल के दिन उन्हें उनकी मेहनत का बड़ा इनाम मिलने की पूरी संभावना है।