IND vs AFG: डेब्यू मैच में मानव सुथार का बड़ा कारनामा, 10 भारतीय गेंदबाजों की खास सूची में हुए शामिल

अफगानिस्तान के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट में मानव सुथार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके और इतिहास रच दिया। वह टेस्ट डेब्यू पर 5 या उससे अधिक विकेट लेने वाले भारत के सिर्फ 10वें गेंदबाज बने

iconPublished: 08 Jun 2026, 11:49 AM
iconUpdated: 08 Jun 2026, 12:04 PM

IND vs AFG Test Match: भारत और अफगानिस्तान के बीच न्यू चंडीगढ़ के मुल्लानपुर में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मुकाबले में युवा स्पिनर मानव सुथार ने अपने डेब्यू मैच को यादगार बना दिया है। 23 वर्षीय इस खिलाड़ी ने पहले ही टेस्ट में ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जो अब तक भारतीय क्रिकेट इतिहास में सिर्फ 10 गेंदबाज ही कर पाए हैं। सुथार ने अफगानिस्तान के खिलाफ अपनी शानदार गेंदबाजी से सभी को प्रभावित किया और टीम इंडिया की बड़ी बढ़त में अहम भूमिका निभाई।

राजस्थान के इस बाएं हाथ के स्पिनर को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में मौका मिला था। उन्होंने इस अवसर को दोनों हाथों से भुनाया और अफगान बल्लेबाजों को अपनी फिरकी के जाल में फंसाते हुए छह विकेट झटक लिए। उनकी घातक गेंदबाजी के सामने पूरी अफगान टीम महज 152 रन पर सिमट गई।

IND vs AFG: पहले ही टेस्ट में रचा इतिहास

मानव सुथार ने अपने डेब्यू टेस्ट में छह विकेट लेकर इतिहास रच दिया। वह भारत के लिए टेस्ट डेब्यू पर पांच या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले सिर्फ 10वें गेंदबाज बन गए हैं। इतना ही नहीं, वह ऐसा करने वाले सातवें भारतीय स्पिनर भी हैं। इंटरनेशनल करियर के पहले ही मैच में इस उपलब्धि को हासिल करना किसी भी गेंदबाज के लिए खास माना जाता है और सुथार ने अपने प्रदर्शन से साबित कर दिया कि वह बड़े मंच के खिलाड़ी हैं।

IND vs AFG: भारत ने बनाए 564 रन

इस मुकाबले (IND vs AFG) में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 564 रन बनाकर अपनी पारी घोषित की थी। कप्तान शुभमन गिल और केएल राहुल ने शानदार शतक जड़े, जबकि ऋषभ पंत और वाशिंगटन सुंदर ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। भारतीय बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन ने अफगानिस्तान पर शुरुआत से ही दबाव बना दिया, जिसका फायदा बाद में गेंदबाजों को भी मिला।

IND vs AFG: मानव सुथार की फिरकी में फंसा अफगानिस्तान

विशाल स्कोर के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई। मानव सुथार ने 22 ओवर में सिर्फ 33 रन देकर 6 विकेट अपने नाम किए, जिसमें 10 मेडन ओवर भी शामिल रहे। उन्होंने अब्दुल मलिक, रहमानुल्ला गुरबाज, अफसर जजई, शराफुद्दीन अशरफ, मोहम्मद सलीम सैफी और रहमत शाह को आउट किया। अफगानिस्तान की ओर से रहमत शाह ने सबसे ज्यादा 60 रन बनाए, लेकिन उन्हें भी सुथार ने ज्यादा देर टिकने नहीं दिया।

Manav Suthar is mobbed by team-mates for his five-for, India vs Afghanistan, Only Test, 3rd day, New Chandigarh, June 8, 2026

IND vs AFG: निसार से लेकर अक्षर तक, अब सुथार का नाम भी शामिल

भारत के लिए टेस्ट डेब्यू पर पांच विकेट लेने का कारनामा सबसे पहले मोहम्मद निसार ने 1932 में इंग्लैंड के खिलाफ किया था। आजाद भारत में यह उपलब्धि सबसे पहले वामन कुमार ने पाकिस्तान के खिलाफ हासिल की थी। इसके बाद आबिद अली, दिलीप जोशी, नरेंद्र हिरवानी, अमित मिश्रा, रविचंद्रन अश्विन, मोहम्मद शमी और अक्षर पटेल जैसे दिग्गज इस सूची में शामिल हुए। अब मानव सुथार ने भी अपने पहले ही टेस्ट में पांच विकेट लेकर इस खास क्लब में जगह बना ली है और भारतीय क्रिकेट में अपनी मजबूत दस्तक दे दी है।

READ MORE HERE...

VIDEO: लॉर्ड्स टेस्ट में गूंजा वैभव सूर्यवंशी का नाम, सात समंदर पार दिखी दीवानगी

‘सीनियर के बिना...’ अफगानिस्तान मैच से पहले कुलदीप यादव का बड़ा बयान, इस ऑलराउंडर की बताई कमी

IND vs AFG: अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज से पहले टीम इंडिया को मिली राहत, फिट हुए मोहम्मद सिराज