IND vs AFG: पंत-गिल थे आउट, लेकिन अफगानिस्तान की चूक से मिला जीवनदान; अंपायर ने की गलती

अफगानिस्तान ने दूसरे दिन शुभमन गिल और ऋषभ पंत के विकेट लेने के सुनहरे मौके गंवा दिए। दोनों बल्लेबाज साफ आउट थे, लेकिन अंपायर के गलत फैसलों के बाद भी कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने DRS नहीं लिया, जिसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा।

iconPublished: 07 Jun 2026, 03:11 PM
iconUpdated: 07 Jun 2026, 03:31 PM

दूसरे दिन के पहले सत्र में शुभमन गिल और ऋषभ पंत को ऐसे जीवनदान मिले, जिनकी चर्चा पूरे क्रिकेट जगत में हो रही है। अंपायर के गलत फैसलों के साथ-साथ अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी की डीआरएस रणनीति भी सवालों के घेरे में आ गई।

IND vs AFG: साफ आउट थे गिल, फिर भी नहीं लिया रिव्यू

भारतीय पारी के 89वें ओवर में अजमतुल्लाह ओमरजई की गेंद सीधे शुभमन गिल के पैड पर जाकर लगी। अफगानिस्तान के खिलाड़ियों ने जोरदार एलबीडब्ल्यू अपील की, लेकिन अंपायर ने उसे नॉट आउट करार दिया। काफी चर्चा के बाद भी कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने डीआरएस नहीं लिया। बाद में रिप्ले में साफ दिखा कि गेंद सीधे स्टंप्स पर लग रही थी और अगर अफगानिस्तान रिव्यू लेता तो गिल को पवेलियन लौटना पड़ता। उस समय गिल 108 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे।

IND vs AFG: अगली ही गेंद पर पंत को भी मिला जीवनदान

गिल को मिले जीवनदान के तुरंत बाद अगली गेंद पर ऋषभ पंत के खिलाफ विकेट के पीछे कैच की अपील हुई। अजमतुल्लाह ओमरजई की आउटस्विंग गेंद पंत के बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर के दस्तानों में पहुंची थी, लेकिन अंपायर ने एक बार फिर नॉट आउट का फैसला सुनाया। अफगानिस्तान ने यहां भी डीआरएस का इस्तेमाल नहीं किया। रिप्ले और स्निकोमीटर में बाद में साफ नजर आया कि गेंद बल्ले से लगी थी और पंत भी आउट थे।

IND vs AFG: अफगानिस्तान को पड़ा भारी

इन दोनों मौकों का फायदा भारतीय बल्लेबाजों ने उठाया। शुभमन गिल ने जीवनदान मिलने के बाद अपनी पारी में और रन जोड़े और 126 रन बनाकर आउट हुए। वहीं ऋषभ पंत भी 54 रन से आगे बढ़कर 81 रन तक पहुंच गए। अगर अफगानिस्तान समय पर रिव्यू लेता तो भारत को काफी पहले झटके लग सकते थे और मैच की तस्वीर कुछ अलग हो सकती थी।

Image

IND vs AFG: 2 दिन में तीसरी बार हुई ऐसी गलती

अफगानिस्तान की यह पहली चूक नहीं थी। मैच के पहले दिन भी केएल राहुल के खिलाफ कैच की अपील पर अंपायर ने नॉट आउट दिया था और तब भी अफगानिस्तान ने डीआरएस नहीं लिया था। बाद में रिप्ले में साफ दिखा कि राहुल के बल्ले का किनारा लगा था। राहुल उस समय सिर्फ 11 रन पर थे, लेकिन उन्होंने आगे चलकर शतक जड़ दिया। ऐसे में दो दिनों के भीतर तीन बड़े मौके गंवाना अफगानिस्तान के लिए काफी महंगा साबित हुआ।

READ MORE HERE: VIDEO: लॉर्ड्स टेस्ट में गूंजा वैभव सूर्यवंशी का नाम, सात समंदर पार दिखी दीवानगी

‘सीनियर के बिना...’ अफगानिस्तान मैच से पहले कुलदीप यादव का बड़ा बयान, इस ऑलराउंडर की बताई कमी

IND vs AFG: अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज से पहले टीम इंडिया को मिली राहत, फिट हुए मोहम्मद सिराज