IND vs AFG: डेब्यू हो तो ऐसा! मानव सुथार ने पहले ही ओवर में चटकाया विकेट, अफगानिस्तान के खिलाफ रचा इतिहास

अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट डेब्यू में मानव सुथार ने शानदार छाप छोड़ी। 23 वर्षीय बाएं हाथ के स्पिनर ने अपने करियर की चौथी ही गेंद पर पहला विकेट हासिल कर इतिहास रच दिया।

iconPublished: 07 Jun 2026, 04:30 PM
iconUpdated: 07 Jun 2026, 04:36 PM

IND vs AFG, Manav Suthar Memorable debut: भारत और अफगानिस्तान के बीच मुल्लानपुर में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में टीम इंडिया को एक नया सितारा मिल गया है। 23 वर्षीय युवा ऑलराउंडर मानव सुथार ने अपने डेब्यू मुकाबले में ही ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। राजस्थान से आने वाले इस बाएं हाथ के स्पिनर ने पहले बल्ले से उपयोगी योगदान दिया और फिर गेंद से इतिहास रच दिया।

भारतीय टीम में जगह बनाना किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए आसान नहीं होता, लेकिन मानव सुथार ने अपने पहले ही मैच में साबित कर दिया कि वह लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट का हिस्सा बनने की क्षमता रखते हैं।अफगानिस्तान की दूसरी पारी में उन्होंने अपने करियर की चौथी ही गेंद पर विकेट हासिल कर ड्रीम डेब्यू का शानदार उदाहरण पेश किया।

IND vs AFG: चौथी गेंद पर मिला पहला टेस्ट विकेट

अफगानिस्तान की दूसरी पारी (IND vs AFG) के छठे ओवर में कप्तान शुभमन गिल ने गेंद मानव सुथार के हाथों में सौंपी। युवा स्पिनर ने अपने पहले ही ओवर में कमाल कर दिया और चौथी गेंद पर अब्दुल मलिक को पवेलियन भेज दिया। मलिक बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में गेंद को हवा में उछाल बैठे, जहां मोहम्मद सिराज ने शानदार कैच लपककर मानव को उनके टेस्ट करियर का पहला विकेट दिलाया। विकेट मिलते ही भारतीय खिलाड़ियों ने युवा स्पिनर को घेर लिया और उनका यह खास पल और भी यादगार बन गया।

IND vs AFG: तानों को जवाब देकर पहुंचे टीम इंडिया तक

मानव सुथार का सफर बिल्कुल आसान नहीं रहा है। उन्होंने खुद बताया कि शुरुआती दिनों में कई लोगों ने उनसे क्रिकेट छोड़कर पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी थी। हालांकि उन्होंने आलोचनाओं को नजरअंदाज करते हुए अपने खेल पर फोकस बनाए रखा। राजस्थान की अंडर-14 टीम में चयन के बाद उनका आत्मविश्वास बढ़ा और कोच धीरज सर व विनोद सर के मार्गदर्शन में उन्होंने अपने खेल को लगातार बेहतर बनाया। उसी मेहनत का नतीजा है कि आज वह भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा हैं।

Image

IND vs AFG: घरेलू क्रिकेट में लगातार किया शानदार प्रदर्शन

घरेलू क्रिकेट में मानव सुथार का रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक 29 फर्स्ट क्लास मैचों में 129 विकेट हासिल किए हैं और कई मौकों पर अपनी टीम को अकेले दम पर जीत दिलाई है। रणजी ट्रॉफी 2022-23 में उन्होंने 39 विकेट लेकर खूब सुर्खियां बटोरी थीं, जबकि 2025-26 सीजन में सिर्फ 3 मैचों में 18 विकेट झटककर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। छत्तीसगढ़ के खिलाफ 42 रन देकर 8 विकेट लेने का उनका प्रदर्शन उनके करियर के सबसे यादगार स्पेल्स में शामिल है।

READ MORE HERE: VIDEO: लॉर्ड्स टेस्ट में गूंजा वैभव सूर्यवंशी का नाम, सात समंदर पार दिखी दीवानगी

‘सीनियर के बिना...’ अफगानिस्तान मैच से पहले कुलदीप यादव का बड़ा बयान, इस ऑलराउंडर की बताई कमी

IND vs AFG: अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज से पहले टीम इंडिया को मिली राहत, फिट हुए मोहम्मद सिराज