रिटायरमेंट के बाद विजय शंकर की नई पारी हुई शुरू, इस विदेशी T20 लीग में खेलते आएंगे नजर

घरेलू क्रिकेट और IPL से रिटायरमेंट लेने के बाद विजय शंकर ने अब लंका प्रीमियर लीग 2026 में खेलने का फैसला किया है। भारतीय ऑलराउंडर को कैंडी रॉयल्स ने अपनी टीम में शामिल किया है।

iconPublished: 26 May 2026, 06:26 PM
iconUpdated: 26 May 2026, 06:51 PM

Vijay Shankar new start in career: भारत के पूर्व ऑलराउंडर विजय शंकर ने रिटायरमेंट के बाद अपनी नई क्रिकेटिंग पारी शुरू कर दी है। घरेलू क्रिकेट और आईपीएल से संन्यास लेने के बाद अब उन्होंने विदेशी T20 लीग में खेलने का फैसला किया है। विजय शंकर आगामी लंका प्रीमियर लीग (LPL) 2026 में खेलते नजर आएंगे, जहां उन्हें कैंडी रॉयल्स की टीम ने साइन किया है।

35 वर्षीय विजय शंकर लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट और IPL का हिस्सा रहे, लेकिन इंटरनेशनल क्रिकेट में उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिल सके। अब उन्होंने फ्रेंचाइजी क्रिकेट पर फोकस करने का फैसला किया है और फैंस भी उनकी इस नई शुरुआत को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।

LPL 2026 में कैंडी रॉयल्स के लिए खेलेंगे Vijay Shankar

लंका प्रीमियर लीग ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर विजय शंकर (Vijay Shankar) के शामिल होने की जानकारी दी। विजय शंकर आगामी LPL 2026 सीजन में कैंडी रॉयल्स के लिए खेलते नजर आएंगे। 17 जुलाई से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट में कैंडी रॉयल्स ने वनिंदु हसरंगा और मोईन अली को आइकॉन प्लेयर बनाया है, जबकि एंजेलो मैथ्यूज और विजय शंकर जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को भी टीम में शामिल किया गया है।

भारत के लिए ज्यादा मौके नहीं मिले

विजय शंकर (Vijay Shankar) भारत के लिए वनडे और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट खेल चुके हैं, लेकिन उनका इंटरनेशनल करियर ज्यादा लंबा नहीं चल सका। उन्होंने 12 वनडे मैचों में 223 रन और 4 विकेट हासिल किए, जबकि 9 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 101 रन बनाने के साथ 5 विकेट भी अपने नाम किए। लगातार मौके नहीं मिलने के कारण उन्होंने 35 साल की उम्र में घरेलू क्रिकेट और IPL से संन्यास लेने का फैसला किया।

IPL में 4 टीमों के लिए खेल चुके हैं विजय शंकर

विजय शंकर (Vijay Shankar) IPL में चेन्नई सुपर किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद, दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस जैसी टीमों का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने IPL में कुल 78 मैच खेले, जिसमें 1233 रन बनाए और गेंदबाजी में 9 विकेट हासिल किए। मिडिल ऑर्डर बल्लेबाजी और उपयोगी गेंदबाजी के चलते वह कई टीमों के लिए अहम खिलाड़ी साबित हुए।

Vijay Shankar's fighting knock of 69(54)

घरेलू क्रिकेट में शानदार रहे विजय शंकर के आंकड़े

घरेलू क्रिकेट में विजय शंकर (Vijay Shankar) का प्रदर्शन काफी शानदार रहा। तमिलनाडु के लिए खेलते हुए उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट के 77 मैचों में 46.73 की औसत से 4253 रन बनाए, जिसमें 13 शतक और 23 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं गेंदबाजी में भी उन्होंने 43 विकेट हासिल किए और घरेलू क्रिकेट में लगातार दमदार प्रदर्शन के दम पर ही टीम इंडिया तक का सफर तय किया।