IPL 2026: आखिरी मैच से पहले मुंबई इंडियंस ने बदला स्क्वॉड, दो नए खिलाड़ियों की हुई एंट्री; कौन बना किसका रिप्लेसमेंट?

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आखिरी लीग मैच से पहले मुंबई इंडियंस ने अपने स्क्वॉड में दो बड़े बदलाव किए हैं। चोटिल खिलाड़ियों के बाहर होने के बाद फ्रेंचाइजी ने दो नए खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया है।

iconPublished: 24 May 2026, 01:42 AM
iconUpdated: 24 May 2026, 01:45 AM

IPL 2026, Replacement signed by Mumbai Indians: आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस का सफर उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और टीम काफी पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई थी। अब मुंबई को 24 मई को अपना आखिरी लीग मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलना है। इस मैच से पहले टीम ने अपने स्क्वॉड में दो बड़े बदलाव किए हैं।

हालांकि मुंबई इंडियंस को ये बदलाव मजबूरी में करने पड़े हैं, क्योंकि टीम के दो खिलाड़ी चोटिल होकर पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। ऐसे में फ्रेंचाइजी ने आखिरी मुकाबले के लिए दो नए खिलाड़ियों को स्क्वॉड में शामिल किया है, ताकि टीम संतुलन के साथ मैदान पर उतर सके।

IPL 2026: क्विंटन डी कॉक और राज बावा हुए बाहर

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई इंडियंस के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक और ऑलराउंडर राज अंगद बावा चोट के कारण IPL 2026 के बाकी मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। डी कॉक की जगह टीम ने महिपाल लोमरोर को शामिल किया है, जबकि राज बावा के रिप्लेसमेंट के तौर पर रुचित अहीर को स्क्वॉड में मौका मिला है। मुंबई इंडियंस ने महिपाल लोमरोर को 50 लाख रुपये और रुचित अहीर को 30 लाख रुपये में साइन किया है।

IPL 2026: आखिरी मैच जीतकर सीजन खत्म करना चाहेगी मुंबई

मुंबई इंडियंस की टीम अब अपने आखिरी लीग मुकाबले में जीत दर्ज कर सीजन का अंत अच्छे अंदाज में करना चाहेगी। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ यह मुकाबला मुंबई के घरेलू मैदान पर खेला जाएगा। मुंबई इंडियंस की स्थिति की बात करें तो टीम फिलहाल अंक तालिका में 9वें स्थान पर मौजूद है। टीम ने 13 मैचों में सिर्फ 4 जीत हासिल की हैं, जबकि 9 मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है।

IPL 2026: डी कॉक और राज बावा को कैसे लगी चोट?

क्विंटन डी कॉक को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले के दौरान बाईं कलाई में चोट लगी थी, जिसके बाद उन्हें पूरे सीजन से बाहर होना पड़ा। वहीं राज अंगद बावा पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में दाहिने अंगूठे में चोटिल हो गए थे। मुंबई इंडियंस ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि दोनों खिलाड़ी अपने घर पर रहकर रिहैब करेंगे और टीम की मेडिकल यूनिट लगातार उनकी निगरानी करेगी।

Quinton de Kock

IPL 2026: चोटों से प्रभावित रहा मुंबई इंडियंस का सीजन

मुंबई इंडियंस का आईपीएल 2026 सीजन लगातार चोटों से प्रभावित रहा। टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या पीठ की चोट के कारण कुछ मुकाबलों से बाहर रहे थे। वहीं रोहित शर्मा भी हैमस्ट्रिंग इंजरी की वजह से करीब दो हफ्तों तक मैदान से दूर रहे। लगातार खिलाड़ियों के चोटिल होने का असर टीम के प्रदर्शन पर साफ देखने को मिला और यही वजह रही कि मुंबई इस बार प्लेऑफ की रेस में ज्यादा देर तक टिक नहीं सकी।