अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल 2026 का 30वां मुकाबला खेला जाएगा। आइए जानते है इस मुकाबले के लिए पिच का मिजाज कैसा रहने वाला है।
GT vs MI Pitch Report: अहमदाबाद में चौकों-छक्कों की होगी बारिश या गेंदबाजों का रहेगा जलवा? जानें नरेंद्र मोदी स्टेडियम के पिच का मिजाज
GT vs MI Pitch Report: आईपीएल 2026 का 30वां मुकाबला गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि गुजरात टाइटंस जहां जीत की लय बनाए रखना चाहेगी, वहीं मुंबई इंडियंस वापसी की तलाश में मैदान पर उतरेगी।
गुजरात टाइटंस ने इस सीजन अब तक पांच मुकाबलों में तीन जीत दर्ज की है, जबकि मुंबई इंडियंस को पांच मैचों में सिर्फ एक जीत मिली है। ऐसे में हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली टीम के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा साबित हो सकता है। मैच से पहले सभी की नजरें अहमदाबाद की पिच पर टिकी होंगी।
GT vs MI: नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों को देगी फायदा?
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां गेंद अच्छी तरह बल्ले पर आती है, जिससे बल्लेबाज खुलकर अपने शॉट खेलते हैं। यही वजह है कि इस मैदान पर अक्सर बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं और आज के मैच (GT vs MI) से भी ऐसी ही उम्मीद है।

हालांकि नई गेंद से तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में थोड़ी मदद मिल सकती है। अगर गेंदबाज सही लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी करें तो शुरुआती विकेट निकाल सकते हैं। लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा, बल्लेबाजों का पलड़ा भारी होता नजर आ सकता है।
GT vs MI: टॉस जीतकर कप्तान क्या फैसला लेंगे?
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कप्तान अक्सर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करना पसंद करते हैं। यहां दूसरी पारी में लक्ष्य का पीछा करना कई बार चुनौतीपूर्ण साबित हुआ है। पिच धीरे-धीरे बदलती है, जिससे रन बनाना आसान नहीं रहता। ऐसे में शुभमन गिल और हार्दिक पांड्या दोनों की कोशिश होगी कि टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करें और बोर्ड पर बड़ा स्कोर खड़ा करें।

GT vs MI: नरेंद्र मोदी स्टेडियम का आईपीएल रिकॉर्ड
इस मैदान पर आईपीएल के अब तक 46 मुकाबले खेले जा चुके हैं। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 23 मैच जीते हैं, जबकि दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने भी 23 मुकाबले अपने नाम किए हैं। टॉस जीतने वाली टीमों ने 21 मैच जीते हैं, जबकि टॉस हारने वाली टीमों ने 25 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। इस मैदान का सर्वोच्च स्कोर 243/5 है, जबकि सबसे कम स्कोर 89 रन रहा है।
MI vs GT: मुंबई या गुजरात, हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में किसका पलड़ा है भारी?
श्रेयस अय्यर की बल्ले-बल्ले, IPL 2026 में ऐसा करने वाली पहली टीम बनीं पंजाब किंग्स