गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच के साथ आईपीएल की 18 साल पुरानी परंपरा टूट गई। पहली बार एमएस धोनी पूरे सीजन में एक भी लीग मैच खेले बिना बाहर रहे।
GT vs CSK मैच में टूटी 18 साल पुरानी परंपरा, IPL इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा; एमएस धोनी से जुड़ा है मामला
18 Years old streak broken in GT vs CSK clash: आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम जब गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपने आखिरी लीग मुकाबले में मैदान पर उतरी, तब एक ऐसा रिकॉर्ड बना जिसने फैंस को भावुक कर दिया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मैच शुरू होते ही आईपीएल इतिहास की 18 साल पुरानी परंपरा टूट गई। पहली बार ऐसा हुआ जब महेंद्र सिंह धोनी पूरे आईपीएल सीजन में एक भी लीग मैच खेलते हुए नजर नहीं आए।
धोनी आईपीएल के पहले सीजन से लगातार चेन्नई सुपर किंग्स की सबसे बड़ी पहचान रहे हैं। लेकिन इस बार चोटों ने उन्हें पूरे सीजन मैदान से दूर रखा। यही वजह रही कि सीएसके के लिए ये सीजन काफी मुश्किल साबित हुआ और टीम को अपने सबसे अनुभवी खिलाड़ी की कमी लगातार महसूस हुई।
GT vs CSK: 18 साल बाद टूटी आईपीएल की सबसे बड़ी परंपरा
आईपीएल 2008 से लेकर अब तक हर सीजन में एमएस धोनी मैदान पर उतरते हुए दिखाई दिए थे। उन्होंने सिर्फ हिस्सा ही नहीं लिया बल्कि हर सीजन में 10 से ज्यादा मुकाबले भी खेले। लेकिन आईपीएल 2026 में पहली बार ऐसा हुआ जब धोनी बिना एक भी लीग मैच खेले पूरे सीजन से बाहर रहे। गुजरात टाइटंस के खिलाफ चेन्नई का आखिरी लीग मैच शुरू होते ही ये रिकॉर्ड आधिकारिक तौर पर इतिहास बन गया। फैंस के लिए ये पल काफी भावुक करने वाला रहा क्योंकि आईपीएल और धोनी का नाम पिछले 18 सालों से एक-दूसरे का पर्याय बन चुका था।
GT vs CSK: चोटों ने पूरे सीजन रखा मैदान से दूर
सीजन शुरू होने से पहले प्री-सीजन कैंप के दौरान धोनी को पिंडली में चोट लगी थी। शुरुआत में उम्मीद जताई गई थी कि वह दो हफ्तों के अंदर वापसी कर लेंगे, लेकिन चोट लगातार बढ़ती चली गई। बताया गया कि वापसी की कोशिश में उनकी समस्या और गंभीर हो गई। इसके बाद लीग स्टेज के आखिरी दौर में उनके अंगूठे में भी चोट लग गई। फिलहाल धोनी रांची लौट चुके हैं और वहां अपनी रिकवरी पर काम कर रहे हैं।
GT vs CSK: प्लेऑफ में वापसी की अब भी उम्मीद
चेन्नई सुपर किंग्स मैनेजमेंट की ओर से साफ किया गया है कि अगर टीम प्लेऑफ में जगह बनाने में सफल रहती है तो धोनी दोबारा स्क्वाड से जुड़ सकते हैं। हालांकि फिलहाल उनका पूरा फोकस फिटनेस हासिल करने पर है। फैंस भी यही उम्मीद कर रहे हैं कि अगर सीएसके अगले दौर में पहुंचती है तो धोनी एक बार फिर मैदान पर नजर आएंगे।

GT vs CSK: आईपीएल इतिहास के सबसे बड़े खिलाड़ियों में शामिल हैं धोनी
एमएस धोनी आईपीएल इतिहास के सबसे सफल और सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं। उन्होंने अब तक आईपीएल में 278 मुकाबले खेले हैं और 5439 रन बनाए हैं। सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, कप्तानी में भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की है। यही वजह है कि उनका पूरे सीजन मैदान से बाहर रहना चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सबसे बड़ा झटका माना जा रहा है।
GT vs CSK: चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, गुजरात टाइटंस और सीएसके की प्लेइंग XI बदली