Rishabh Pant ने छोड़ी LSG की कप्तानी, अब कौन बनेगा लखनऊ का नया कप्तान?
आईपीएल 2026 में खराब प्रदर्शन के बाद ऋषभ पंत ने लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है।
LSG के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी ने आधिकारिक बयान में कहा कि ऋषभ पंत ने इस अनुरोध के साथ फ्रेंचाइजी से संपर्क किया और हमने इसे सहर्ष स्वीकार कर लिया है।
आईपीएल 2025 से पहले संजीव गोयनका की मालिकाना वाली LSG ने ऋषभ पंत पर बड़ा दांव खेला था। स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज को लखनऊ ने 27 करोड़ में खरीदा था।
पिछले दोनों सीजन में ऋषभ पंत ना बल्ले से कमाल दिखा सके और ना ही टीम का प्रदर्शन अच्छा रहा। IPL 2026 में पंत की अगुवाई में लखनऊ सुपर जायंट्स 14 में से सिर्फ 4 मुकाबले जीतने में सफल रही।
10 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। LSG पॉइंट्स टेबल पर सबसे आखिरी पायदान पर रही। ऋषभ पंत ने तो कप्तानी से इस्तीफा दे दिया, लेकिन अब बड़ा सवाल ये है कि उनकी जगह किसे लखनऊ सुपर जायंट्स की कमान सौंपी जाएगी?
आईपीएल 2026 में भले ही लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा लेकिन ऑस्ट्रेलिया के स्टार खिलाड़ी मिचेल मार्श बल्लेबाजी में इकलौते हीरो रहे।
धाकड़ ओपनर ने 13 मैचों में 163.19 की स्ट्राइक रेट से 563 रन बनाए। मिचेल मार्श इस रेस में इसलिए भी सबसे आगे हैं, क्योंकि वर्तमान में वो ऑस्ट्रेलिया के T20 कप्तान भी हैं।
आईपीएल 2026 में LSG के स्टार ऑलराउंडर एडन मार्करम बल्ले से ज्यादा कमाल नहीं दिखा सके, लेकिन बतौर कप्तान वो इस टीम की किस्मत बदल सकते हैं। उनके पास IPL में SRH की कप्तानी करने का अनुभव भी है।