RR vs GT: जोफ्रा आर्चर ने पहले ही ओवर में कर दी वाइड-नो बॉल की बरसात, IPL इतिहास में शर्मनाक रिकॉर्ड हुआ नाम

RR vs GT मुकाबले में जोफ्रा आर्चर ने पहले ही ओवर में वाइड और नो-बॉल की झड़ी लगा दी। राजस्थान के तेज गेंदबाज ने कुल 11 गेंदों का ओवर फेंकते हुए IPL इतिहास में एक शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

iconPublished: 09 May 2026, 10:02 PM
iconUpdated: 09 May 2026, 11:34 PM

RR vs GT, Jofra Archer longest over: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 52वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस की टीमें जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आमने-सामने हैं। राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन मैच की शुरुआत टीम के लिए किसी बुरे सपने से कम साबित नहीं हुई। टीम के स्टार तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने पहले ही ओवर में वाइड और नो-बॉल की ऐसी झड़ी लगा दी कि उनके नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया।

अपनी तेज रफ्तार गेंदबाजी और सटीक लाइन-लेंथ के लिए मशहूर जोफ्रा आर्चर इस मुकाबले में शुरुआत से ही लय में नजर नहीं आए। गुजरात के ओपनर्स शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने इसका पूरा फायदा उठाया और राजस्थान पर शुरुआती दबाव बना दिया। आर्चर का पहला ओवर इतना लंबा चला कि मैदान पर मौजूद फैंस भी हैरान रह गए।

RR vs GT: जोफ्रा आर्चर के नाम जुड़ा शर्मनाक रिकॉर्ड

जोफ्रा आर्चर IPL इतिहास के पहले ऐसे गेंदबाज बन गए हैं जिन्होंने किसी मुकाबले के पहले ही ओवर में कुल 11 गेंदें फेंकी हैं। इस ओवर में उन्होंने चार वाइड और एक नो-बॉल डाली, जिसकी वजह से ओवर लगातार लंबा होता चला गया। गुजरात टाइटंस के खिलाफ इस ओवर में आर्चर ने कुल 18 रन खर्च किए और उनके नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज हो गया जिसे कोई भी गेंदबाज अपने नाम नहीं करना चाहेगा।

RR vs GT: IPL इतिहास के सबसे लंबे ओवरों में शामिल हुए आर्चर

जोफ्रा आर्चर अब IPL इतिहास में सबसे लंबे ओवर फेंकने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं। उनसे पहले मोहम्मद सिराज, तुषार देशपांडे, शार्दुल ठाकुर, संदीप शर्मा, हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह भी 11 गेंदों का ओवर फेंक चुके हैं। हालांकि आर्चर इस मामले में पहले ऐसे गेंदबाज बने जिन्होंने मैच के पहले ही ओवर में 11 गेंदें डालीं।

Jofra Archer celebrated another first-over wicket, Rajasthan Royals vs Sunrisers Hyderabad, IPL 2026, Jaipur, April 25, 2026

RR vs GT: इस सीजन गेंद से दिखाया है शानदार प्रदर्शन

भले ही गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले (RR vs GT) में जोफ्रा आर्चर का पहला ओवर बेहद खराब रहा हो, लेकिन पूरे सीजन में उनका प्रदर्शन शानदार देखने को मिला है। IPL 2026 में आर्चर अब तक 15 विकेट हासिल कर चुके हैं और राजस्थान रॉयल्स के सबसे प्रभावशाली गेंदबाजों में शामिल रहे हैं।