IPL 2026 के समापन के साथ सीजन के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। वैभव सूर्यवंशी ने ऑरेंज कैप समेत पांच बड़े अवॉर्ड अपने नाम किए, जबकि कगिसो रबाडा पर्पल कैप विजेता बने। जानिए IPL 2026 में किस खिलाड़ी ने जीता कौन-सा पुरस्कार।
वैभव सूर्यवंशी से लेकर कगिसो रबाडा तक, जानिए IPL 2026 में किस खिलाड़ी ने जीता कौनसा अवॉर्ड
IPL 2026 Award Winners list: आईपीएल 2026 का समापन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ऐतिहासिक जीत के साथ हुआ। अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की। इस जीत के साथ टीम को 20 करोड़ रुपये की प्राइज मनी मिली, जबकि उपविजेता गुजरात टाइटंस को 12.5 करोड़ रुपये से संतोष करना पड़ा।
फाइनल के बाद सीजन के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। इस बार सबसे ज्यादा चर्चा राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की रही, जिन्होंने व्यक्तिगत पुरस्कारों की झड़ी लगा दी। वहीं गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने गेंदबाजी में अपना दबदबा कायम रखते हुए पर्पल कैप पर कब्जा जमाया।
वैभव सूर्यवंशी के नाम रहा IPL 2026
IPL 2026 में सबसे ज्यादा व्यक्तिगत अवॉर्ड वैभव सूर्यवंशी ने जीते। राजस्थान रॉयल्स के इस युवा बल्लेबाज ने मोस्ट वेल्यूएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन, ऑरेंज कैप, सुपर स्ट्राइकर और सबसे ज्यादा छक्के लगाने का पुरस्कार अपने नाम किया। वैभव ने पूरे सीजन में 776 रन बनाए और 237 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए विपक्षी टीमों के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। इन उपलब्धियों के लिए उन्हें कुल 45 लाख रुपये और एक टाटा सिएरा कार भी मिली।

IPL 2026: रबाडा बने पर्पल कैप विजेता, सिराज ने भी बटोरी सुर्खियां
गुजरात टाइटंस के स्टार तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने 29 विकेट लेकर पर्पल कैप अपने नाम की। पूरे टूर्नामेंट में उनकी गेंदबाजी विरोधी बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती बनी रही। वहीं मोहम्मद सिराज ने 172 डॉट गेंद फेंककर सबसे ज्यादा डॉट बॉल का अवॉर्ड जीता। दोनों गेंदबाजों ने अपने शानदार प्रदर्शन से गुजरात टाइटंस को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
IPL 2026: साई सुदर्शन और मनीष पांडे को भी मिला सम्मान
गुजरात टाइटंस के बल्लेबाज साई सुदर्शन ने पूरे सीजन में 75 चौके लगाकर सबसे ज्यादा चौके लगाने का पुरस्कार अपने नाम किया। दूसरी ओर कोलकाता नाइट राइडर्स के मनीष पांडे को सीजन का सर्वश्रेष्ठ कैच लेने के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने टिम डेविड का शानदार कैच पकड़कर यह अवॉर्ड जीता, जिसके लिए उन्हें 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।

IPL 2026 Prize:सभी अवार्ड विनर की लिस्ट
आईपीएल 2026 विजेता- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (ट्रॉफी, 20 करोड़ रुपये)
आईपीएल 2026 उपविजेता- गुजरात टाइटंस (12.50 करोड़ रुपये)
फेयरप्ले अवार्ड- पंजाब किंग्स (ट्रॉफी)
मोस्ट वेल्यूएबल प्लेयर- वैभव सूर्यवंशी (15 लाख रुपये)
इमर्जिंग प्लेयर ऑफ दी सीजन- वैभव सूर्यवंशी, राजस्थान रॉयल्स (10 लाख रुपये)
ऑरेंज कैप विजेता- वैभव सूर्यवंशी, राजस्थान रॉयल्स, 776 रन (10 लाख रुपये)
पर्पल कैप विजेता- कगिसो रबाडा, गुजरात टाइटंस, 29 विकेट (10 लाख रुपये)
सुपर स्ट्राइकर- वैभव सूर्यवंशी, राजस्थान रॉयल्स 237 की स्ट्राइक रेट (टाटा सिएरा कार)
आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा चौके- साई सुदर्शन, गुजरात टाइटंस, 75 चौके (10 लाख रुपये)
आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा छक्के- वैभव सूर्यवंशी, राजस्थान रॉयल्स 72 छक्के, (10 लाख रुपये)
सीजन का सबसे अच्छा कैच- मनीष पांडे, कोलकाता नाइट राइडर्स, टिम डेविड का कैच, (10 लाख रुपये)
आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा डॉट बॉल- मोहम्मद सिराज, गुजरात टाइटंस, 172 गेंद (10 लाख रुपये)
पिच एंड ग्राउंड अवार्ड- बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन, ईडन गार्डन्स (50 लाख रुपये)
पिच एंड ग्राउंड अवार्ड (कम से कम चार मैच की मेजबानी)- हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन, धर्मशाला (25 लाख रुपये)