ICC का बड़ा ऐलान, चैंपियंस ट्रॉफी 2027 के शेड्यूल में बदलाव, भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर भी आया फैसला

ICC ने महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 के शेड्यूल में बड़ा बदलाव करते हुए टूर्नामेंट की नई तारीखों का ऐलान किया है। वहीं महिला टी20 वर्ल्ड कप 2028 में भारत-पाकिस्तान मुकाबलों को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया।

iconPublished: 01 Jun 2026, 11:33 PM
iconUpdated: 01 Jun 2026, 11:54 PM

ICC update on Champions Trophy: रविवार 31 मई को जहां क्रिकेट फैंस की निगाहें अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 फाइनल पर टिकी थीं, वहीं दूसरी ओर आईसीसी बोर्ड की एक अहम बैठक भी चल रही थी। जय शाह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में महिला क्रिकेट से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए, जिन्होंने आने वाले वर्षों के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर को प्रभावित किया है।

बैठक में सबसे बड़ा फैसला पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी के आयोजन को लेकर लिया गया। इसके अलावा महिला टी20 वर्ल्ड कप 2028 में भारत-पाकिस्तान मुकाबलों की मेजबानी को लेकर भी स्थिति स्पष्ट कर दी गई। साथ ही आईसीसी ने महिला क्रिकेट के विस्तार के लिए एक नए टूर्नामेंट की भी घोषणा की है।

महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 की तारीखों में हुआ बदलाव

ICC ने पिछले साल घोषणा की थी कि पुरुषों की तरह महिलाओं के लिए भी पहली बार चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन किया जाएगा। शुरुआत में इस टूर्नामेंट के लिए जून-जुलाई 2027 की विंडो तय की गई थी, लेकिन अब आईसीसी बोर्ड ने इसमें बदलाव करने का फैसला लिया है। नई योजना के अनुसार महिला चैंपियंस ट्रॉफी 14 से 28 फरवरी 2027 के बीच आयोजित की जाएगी। यह टूर्नामेंट 8 टीमों के बीच खेला जाएगा और खास बात यह है कि इसे टी20 फॉर्मेट में आयोजित किया जाएगा।

Australia presented with ICC Women's Championship trophy | Cricket News – India TV

भारत-पाकिस्तान मैचों को लेकर ICC ने किया बड़ा ऐलान

ICC बोर्ड बैठक में महिला टी20 वर्ल्ड कप 2028 को लेकर भी अहम फैसला लिया गया। इस टूर्नामेंट की मेजबानी पाकिस्तान को मिली है, लेकिन आईसीसी ने साफ कर दिया है कि भारतीय टीम अपने मुकाबले पाकिस्तान में नहीं खेलेगी। भारत के सभी मैच न्यूट्रल वेन्यू पर आयोजित किए जाएंगे। यह फैसला दोनों देशों के बीच लंबे समय से जारी राजनीतिक तनाव को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

पहले भी न्यूट्रल वेन्यू मॉडल अपनाया जा चुका है

भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट लंबे समय से बंद है और हाल के वर्षों में आईसीसी आयोजनों में भी दोनों देशों के बीच यात्रा संबंधी चुनौतियां देखने को मिली हैं। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारतीय टीम पाकिस्तान नहीं गई थी, जबकि महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 और पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान टीम ने भारत का दौरा नहीं किया था। ऐसे में ICC ने भविष्य के टूर्नामेंटों के लिए भी न्यूट्रल वेन्यू मॉडल को जारी रखने का संकेत दिया है।

महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए नया टूर्नामेंट लॉन्च

ICC ने महिला क्रिकेट के विकास की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए विमेंस एमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी शुरू करने का फैसला किया है। यह नया टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा और इसमें कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें पांच फुल मेंबर देशों की टीमें और पांच एसोसिएट सदस्य देशों की टीमें शामिल होंगी। आईसीसी का मानना है कि इस प्रतियोगिता से उभरती हुई महिला क्रिकेटरों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन अवसर मिलेगा।