SRH vs RCB मुकाबले के बाद भी जारी रहा विवाद, विराट कोहली ने नहीं मिलाया ट्रेविस हेड से हाथ: वायरल VIDEO से मचा बवाल

SRH vs RCB मुकाबले के बाद विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच विवाद और बढ़ गया। वायरल वीडियो में कोहली हैंडशेक के दौरान ट्रेविस हेड को नजरअंदाज करते दिखे, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बवाल मच गया।

iconPublished: 23 May 2026, 05:04 PM
iconUpdated: 23 May 2026, 05:13 PM

SRH vs RCB, Virat Kohli vs Travis Head: आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए मुकाबले के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। मैच के दौरान विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच हुई तीखी बहस का असर मुकाबला खत्म होने के बाद भी देखने को मिला। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कोहली ट्रेविस हेड को हैंडशेक के दौरान नजरअंदाज करते दिखाई दिए, जिसके बाद फैंस के बीच इस घटना को लेकर जमकर चर्चा शुरू हो गई।

दरअसल, मैच खत्म होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी हाथ मिलाने मैदान पर आए थे। विराट ने पैट कमिंस से हाथ मिलाया, लेकिन ट्रेविस हेड के सामने आने पर बिना प्रतिक्रिया दिए आगे बढ़ गए। कई फैंस इसे मैदान पर हुई स्लेजिंग का असर मान रहे हैं, जबकि कुछ लोगों ने कोहली के रवैये की आलोचना भी की है।

SRH vs RCB: मैच के दौरान विराट और ट्रेविस हेड के बीच हुई तीखी बहस

जब विराट कोहली बल्लेबाजी कर रहे थे तब ट्रेविस हेड के साथ उनकी तीखी नोकझोंक देखने को मिली। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी लगातार कुछ कहते नजर आए, जिसका जवाब विराट ने भी अपने अंदाज में दिया। मुकाबला खत्म होने के बाद ट्रेविस हेड ने हैंडशेक के लिए हाथ बढ़ाया, लेकिन कोहली उन्हें इग्नोर करते हुए आगे निकल गए और ईशान किशन से हाथ मिलाया। यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

SRH vs RCB: सनराइजर्स हैदराबाद ने RCB को 55 रन से हराया

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने आरसीबी के खिलाफ 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए ईशान किशन ने 79 रन, अभिषेक शर्मा ने 56 रन और हेनरिक क्लासेन ने 51 रन की धमाकेदार पारी खेली। जवाब में आरसीबी की टीम 200 रन ही बना सकी और हैदराबाद ने मुकाबला 55 रन से अपने नाम कर लिया।

SRH vs RCB: विराट कोहली जल्दी आउट, अय्यर और पाटीदार ने लड़ी लड़ाई

255 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी को विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने तेज शुरुआत दिलाई। अय्यर ने सिर्फ 19 गेंदों में 44 रन बनाए, लेकिन विराट 11 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद कप्तान रजत पाटीदार ने 56 रन और क्रुणाल पांड्या ने 41 रन की पारी खेली, लेकिन टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।

Image

SRH vs RCB: हार के बावजूद अंक तालिका में टॉप पर कायम RCB

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हार के बावजूद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अंक तालिका में पहले स्थान पर बनी हुई है। गुजरात टाइटंस और SRH के भी 18-18 अंक हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट की वजह से आरसीबी टॉप पर है। अब टीम क्वालीफायर-1 में 26 मई को धर्मशाला में गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबला खेलेगी।