LSG vs KKR: किस नियम की वजह से आउट हुए अंगकृष रघुवंशी? जानिए ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ के बारे में सब कुछ

LSG vs KKR मैच में अंगकृष रघुवंशी को ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड नियम के तहत आउट दिया गया, जिसके बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया। जानिए क्या है यह नियम और आईपीएल इतिहास में अब तक कितनी बार बल्लेबाज इस तरह आउट हुए हैं।

iconPublished: 26 Apr 2026, 10:36 PM
iconUpdated: 26 Apr 2026, 11:34 PM

LSG vs KKR, What is obstructing the field rule? आईपीएल 2026 के 38वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेले जा रहे मैच में एक दुर्लभ फैसला देखने को मिला, जिसने पूरे मुकाबले को चर्चा का विषय बना दिया। केकेआर के युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी को ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ के तहत आउट करार दिया गया, जिसके बाद मैदान पर माहौल गरमा गया।

इस फैसले से ना सिर्फ रघुवंशी नाराज दिखे, बल्कि केकेआर का पूरा डगआउट भी हैरान रह गया। बल्लेबाज अंपायर से बहस करते नजर आए, जबकि टीम के हेड कोच अभिषेक नायर भी चौथे अंपायर से बातचीत करते दिखाई दिए। ऐसे में फैंस के मन में सवाल उठने लगे कि आखिर ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ नियम है क्या और इस पर बल्लेबाज कैसे आउट दिया जाता है।

LSG vs KKR: क्या होता है ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ नियम?

क्रिकेट के नियमों के मुताबिक अगर कोई बल्लेबाज जानबूझकर फील्डिंग टीम के काम में बाधा डालता है, गेंद को रोकता है या रन आउट से बचने के लिए गेंद और स्टंप्स के बीच आता है, तो उसे ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ के तहत आउट दिया जा सकता है।

यह फैसला पूरी तरह अंपायर के आकलन पर निर्भर करता है कि बल्लेबाज ने ऐसा जानबूझकर किया या नहीं। अगर अंपायर को लगता है कि बल्लेबाज की हरकत से फील्डिंग टीम को नुकसान पहुंचा है, तो वह बल्लेबाज को आउट करार दे सकता है।

LSG vs KKR: अंगकृष रघुवंशी कैसे हुए आउट?

केकेआर की पारी के पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर प्रिंस यादव गेंदबाजी कर रहे थे। अंगकृष रघुवंशी ने गेंद को मिड-ऑन की दिशा में खेला और रन लेने के लिए आगे बढ़े। जब रघुवंशी क्रीज में लौट रहे थे, तभी मोहम्मद शमी ने गेंद विकेटकीपर की तरफ थ्रो की, जो जाकर बल्लेबाज को लगी। इसके बाद लखनऊ टीम ने अपील की। मामला थर्ड अंपायर के पास गया, जहां रिप्ले देखने के बाद माना गया कि बल्लेबाज ने अपनी लाइन बदली और गेंद के रास्ते में आए। इसी वजह से उन्हें इस मैच (LSG vs KKR) में आउट दे दिया गया।

Image

LSG vs KKR: IPL इतिहास में कितनी बार हुआ ऐसा?

आईपीएल इतिहास में ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ के तहत आउट होने वाले खिलाड़ियों की संख्या अब चार हो गई है। सबसे पहले साल 2013 में यूसुफ पठान इस नियम का शिकार बने थे। इसके बाद 2019 में अमित मिश्रा, 2024 में रवींद्र जडेजा और अब 2026 में अंगकृष रघुवंशी इस तरीके से आउट हुए हैं।

Read More: IPL 2026 में सीएसके कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने जड़ा सबसे धीमा अर्द्धशतक, दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड!

वैभव सूर्यवंशी के मुरीद हुए पैट कमिंस, बल्लेबाजी देख गिनाई 2 बड़ी खूबियां; बताया बन गए नए फेवरेट खिलाड़ी

RR vs SRH: सनराइजर्स हैदराबाद ने 229 रनों का विशाल लक्ष्य चेज कर राजस्थान रॉयल्स को दी मात, 5 विकेट से दर्ज की IPL 2026 की लगातार चौथी जीत