2027 से ऑस्ट्रेलिया में IPL मैच कराने की योजना ने जोर पकड़ा है, एडिलेड ओवल में मुकाबले की तैयारी चल रही है और अब सबकी नजर BCCI के अंतिम फैसले पर टिकी है।
क्या 2027 से ऑस्ट्रेलिया में होंगे IPL मुकाबले? 2027 सीजन के लिए सामने आया बड़ा प्लान, जानिए पूरा मामला
IPL Matches in Australia? भारत में इस समय आईपीएल का 19वां सीजन खेला जा रहा है और हर मुकाबले के साथ रोमांच अपने चरम पर पहुंचता जा रहा है। इसी बीच एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने फैंस के बीच हलचल मचा दी है।
दरअसल, आईपीएल के भविष्य को लेकर एक बड़ा प्लान तैयार किया जा रहा है, जिसके तहत इस लीग को भारत से बाहर ले जाने की चर्चा तेज हो गई है। अगर सब कुछ योजना के मुताबिक हुआ, तो 2027 से आईपीएल का एक नया रूप देखने को मिल सकता है।
ऑस्ट्रेलिया में IPL मैच कराने की तैयारी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया के मशहूर एडिलेड ओवल में मार्च 2027 के दौरान IPL का एक मुकाबला कराने की योजना बनाई जा रही है। इस प्लान पर एडिलेड ओवल के चेयरमैन जेमी ब्रिग्स और साउथ ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट एसोसिएशन के प्रमुख विल रेनर काम कर रहे हैं।
As per SEN Cricket (@tommorris32) Adelaide Oval is exploring an ambitious plan to host a regular-season IPL match as early as next March.
— Cricketopia (@CricketopiaCom) April 14, 2026
The proposal, led by chairman Jamie Briggs and South Australian Cricket Association chief Will Rayner, has already been discussed with key… pic.twitter.com/bXEtZvb4ZX
इस प्रस्ताव में एक खास ‘रिसिप्रोकल’ व्यवस्था का भी जिक्र है, जिसके तहत बिग बैश लीग का एक मुकाबला चेन्नई में आयोजित किया जा सकता है। इस योजना में साउथ ऑस्ट्रेलिया के प्रीमियर पीटर मालिनॉस्कास, फेडरल ट्रेड मिनिस्टर डॉन फेरेल और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष अधिकारी भी दिलचस्पी दिखा रहे हैं। हालांकि, अभी तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड को कोई आधिकारिक प्रस्ताव नहीं भेजा गया है और अंतिम फैसला पूरी तरह उसी के हाथ में होगा।
मार्च का समय क्यों चुना गया?
इस योजना के लिए मार्च का समय इसलिए चुना गया है क्योंकि उस दौरान ऑस्ट्रेलिया में मौसम क्रिकेट के लिए काफी अनुकूल रहता है। इसके अलावा ऑस्ट्रेलियाई घरेलू क्रिकेट कैलेंडर में भी उस समय खाली स्लॉट उपलब्ध रहता है।

एडिलेड ओवल अपनी विश्वस्तरीय सुविधाओं के लिए जाना जाता है और आयोजकों का मानना है कि आईपीएल जैसा बड़ा टूर्नामेंट वहां आयोजित होने पर स्टेडियम खचाखच भर जाएगा। इससे न सिर्फ क्रिकेट को बढ़ावा मिलेगा बल्कि टूरिज्म सेक्टर को भी बड़ा फायदा हो सकता है।
पहले भी भारत से बाहर हो चुका है IPL
गौरतलब है कि आईपीएल पहले भी कई बार भारत के बाहर आयोजित किया जा चुका है। साल 2009 में लोकसभा चुनाव के चलते पूरा सीजन साउथ अफ्रीका में खेला गया था। इसके अलावा 2014 में आंशिक रूप से यूएई में मैच खेले गए थे, जबकि 2020 में कोविड-19 महामारी के कारण पूरा टूर्नामेंट यूएई में शिफ्ट किया गया था। वहीं 2021 में भी दूसरे फेज के मुकाबले यूएई में आयोजित हुए थे।