Dewald Brevis: 4 छक्के, 3 चौके... जूनियर एबी डिविलियर्स ने टेस्ट में दिखाया टी20 वाला खेल, डेब्यू में अर्द्धशतक से मचाई खलबली

Dewald Brevis: साउथ अफ्रीका के लिए टेस्ट डेब्यू करते हुए डेवाल्ड ब्रेविस ने धमाकेदार पारी खेलते हुए सिर्फ 38 गेंदों में फिफ्टी लगाई।

iconPublished: 28 Jun 2025, 08:33 PM
iconUpdated: 28 Jun 2025, 11:34 PM

Dewald Brevis, SA vs ZIM Test: दक्षिण अफ्रीका के युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस ने टेस्ट क्रिकेट में धमाकेदार आगाज करते हुए अपने पहले ही मुकाबले में इतिहास रच दिया है। बुलावायो में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट मैच में ब्रेविस को डेब्यू कैप सौंपी गई, और वह साउथ अफ्रीका के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले 370वें खिलाड़ी बन गए।

टॉप ऑर्डर के सस्ते में ढहने के बाद क्रीज पर आए ब्रेविस ने आक्रामक बल्लेबाजी की मिसाल पेश की और महज 38 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इस ताबड़तोड़ पारी के साथ वे अपने डेब्यू मुकाबले में ही रिकॉर्ड बनाने में कामयाब हुए है।

दबाव में आक्रामक पारी

साउथ अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही और महज 55 रन पर टीम के चार विकेट गिर चुके थे। ऐसे समय में जब दबाव चरम पर था, ब्रेविस ने आक्रामक रुख अपनाते हुए गेंदबाजों पर पलटवार किया। उन्होंने 41 गेंदों में 51 रनों की प्रभावशाली पारी खेली, जिसमें तीन चौके और चार छक्के शामिल रहे।

खास बात यह रही कि ब्रेविस ने एक ही ओवर में जिम्बाब्वे के गेंदबाज विंसेंट मसेकेसा के खिलाफ लगातार तीन छक्के लगाए, इसी के साथ वे साउथ अफ्रीका के लिए टेस्ट डेब्यू पर सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए।

डेब्यू टेस्ट में दुनिया की चौथी सबसे तेज फिफ्टी

ब्रेविस का यह अर्धशतक न केवल साउथ अफ्रीका के टेस्ट इतिहास में सबसे तेज डेब्यू फिफ्टी है, बल्कि विश्व स्तर पर यह चौथी सबसे तेज फिफ्टी भी है। उनसे तेज अर्धशतक केवल टिम साउदी (29 गेंद), ल्यूक रोंची (37 गेंद) और जैकब बेथेल (37 गेंद) ने बनाए हैं।

अंडर-19 विश्व कप से टेस्ट क्रिकेट तक का सफर

ब्रेविस पहली बार 2022 अंडर-19 विश्व कप के दौरान चर्चा में आए थे, जहां उन्होंने 6 मैचों में 506 रन बनाकर टॉप स्कोरर के रूप में खुद को स्थापित किया था। उनके बल्लेबाज़ी अंदाज की तुलना एबी डिविलियर्स से की गई और उन्हें 'बेबी एबी' का टैग मिला। बीतें कुछ महीनों में उन्होंने टीम से बाहर होने के बाद शानदार वापसी की है और अब टेस्ट क्रिकेट में भी अपने प्रदर्शन से छाप छोड़ रहे है।

Read More: 'हम सिर्फ हार रहे हैं...' इंग्लैंड से हार के बाद गौतम गंभीर पर बढ़ रहा है दबाव! भारतीय दिग्गज ने उठाए बड़े सवाल