IPL 2023: सैम करन, ग्रीन से लेकर बेन स्टोक्स तक, इन खिलाड़ियों की मिनी ऑक्शन में हुई मेगा कमाई

आईपीएल 2023 के लिए कोच्चि में मिनी ऑक्शन जारी है। सभी फ्रेंचाइजी प्लेयर्स को खरीदने के लिए ऐड़ी चोटी का जोर लगा रही हैं। ऐसे में कई खिलाड़ी ऐसे हैं जिनकी आज बंपर कमाई हुई है। सैम करन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं।

author-image
By Rajat Gupta
New Update
IPL 2023: सैम करन, ग्रीन से लेकर बेन स्टोक्स तक, इन खिलाड़ियों की मिनी ऑक्शन में हुई मेगा कमाई

Most Expensive Player in IPL 2023, IPL Auction, IPL 2023 Auction: आईपीएल 2023 के लिए कोच्चि में मिनी ऑक्शन जारी है। सभी फ्रेंचाइजी प्लेयर्स को खरीदने के लिए ऐड़ी चोटी का जोर लगा रही हैं। ऐसे में कई खिलाड़ी ऐसे हैं जिनकी आज बंपर कमाई हुई है। सैम करन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने क्रिस मोरिस को पछाड़ दिया है। पंजाब किंग्स ने सैम करन को 18 करोड़ 50 लाख रुपये में खरीदा है। इसके अलावा कैमरून ग्रीन, बेन स्टोक्स, निकोलस पूरन और हैरी ब्रूक्स की भी बंपर कमाई हुई है। आइए जानते हैं मिनी ऑक्शन में मेगा कमाई करने वाले 5 खिलाड़ियों के बारे में...

सैम करन

इंग्लैंड के युवा ऑलराउंडर सैम करन को पंजाब किंग्स ने सबसे ज्यादा 18 करोड़ 50 लाख रुपये की बोली लगाकर खरीदा है। उनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये था। टी20 विश्वकप 2022 में शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया था। फाइनल में उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की थी और 3 अहम विकेट चटकाए थे। पीठ में चोट के कारण करन आईपीएल 2022 में नहीं खेले थे। करन ने अपने करियर में अब तक 32 आईपीएल मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 337 रन बनाए हैं और 32 विकेट भी चटकाए हैं। पूरी खबर पढ़ें..

कैमरून ग्रीन

इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन का नाम आता है। अपने लंबे-लंबे शॉट्स के लिए जाने जाने वाले ग्रीन को मुंबई इंडियंस ने 17 करोड़ 50 लाख रुपये में खरीदा है। उनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये था। उन्होंने अब तक आईपीएल का कोई भी सीजन नहीं खेला है। वह डेब्यू सीजन में आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीम की ओर से खेलते नजर आएंगे। पूरी खबर पढ़ें- 

बेन स्टोक्स

चेन्नई सुपर किंग्स ने इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान को बेन स्टोक्स को सबसे ज्यादा 16 करोड़ 25 लाख रुपये की बोली लगाकर खरीद लिया है। उनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये था। आईपीएल 2022 से पहले हुए मेगा ऑक्शन में स्टोक्स ने हिस्सा नहीं लिया था। स्टोक्स IPL 2017 में 'मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर' रहे थे। आईपीएल 2018 की नीलामी में वह सबसे महंगे बिके थे, राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 12.50 करोड़ रुपए में खरीदा था। बेन स्टोक्स ने अपने करियर में अब तक 43 आईपीएल मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 25.56 की औसत और 134.50 के स्ट्राइक रेट से 920 रन बनाए हैं। इसके अलावा इस ऑलराउंडर खिलाड़ी ने 28 विकेट भी चटकाए हैं। उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग में 2 अर्धशतक और 2 शतक लगाए हैं। वहीं 15 रन देकर 3 विकेट टूर्नामेंट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। पूरी खबर पढ़ें- 

निकोलस पूरन

वेस्टइंडीज के विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज और पूर्व कप्तान निकोलस पूरन को लखनऊ सुपर जायंट्स ने 16 करोड़ रुपये में खरीदा है। उनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये था। पूरन ने अपने आईपीएल करियर में अब तक 47 मैच खेले हैं। जिसमें 151.24 की स्ट्राइक रेट से 912 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 4 अर्धशतकीय पारी निकली हैं। वहीं पिछले सीजन की बात करें, तो उनका प्रदर्शन साधारण रहा था। 14 मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए पूरन ने 144.34 की स्ट्राइक रेट से 306 रन बनाए थे। पूरी खबर पढ़ें..

हैरी ब्रूक्स

शानदार फॉर्म में चल रहे इंग्लैंड के बल्लेबाज हैरी ब्रूक को सनराइजर्स हैदराबाद ने 13 करोड़ 25 लाख रुपये में खरीद लिया है। हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उन्होंने 116 गेंदों पर 153 रन की तूफानी पारी खेली थी। वह पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में लगातार तीन शतक जड़ चुके हैं। हैरी ब्रूक्स ने पहली बार आईपीएल ऑक्शन में हिस्सा लिया था। उन्होंने अपने करियर में अब तक 20 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। इस दौरान 17 पारियों में उन्होंने 26.57 की औसत और 137.77 के स्ट्राइक रेट से 372 रन बनाए हैं। पूरी खबर पढ़ें...

  • सैम करन: 18.50 करोड़, पंजाब किंग्स
  • कैमरून ग्रीन: 17.50 करोड़, मुंबई इंडियंस
  • बेन स्टोक्स: 16.25 करोड़, चेन्नई सुपर किंग्स
  • निकोलस पूरन: 16 करोड़, लखनऊ सुपर जायंट्स
  • हैरी ब्रूक्स: 13.25 करोड़, सनराइजर्स हैदराबाद

ये भी पढ़ें: कपिल देव के बाद ये बड़ा रिकॉर्ड बनाने वाले दूसरे भारतीय बने आर अश्विन, दिग्गजों के क्लब में हुए शामिल

Latest Stories