MI vs SRH: मुंबई ने 12 गेंद पहले हासिल किया 201 रन का लक्ष्य, ग्रीन ने जड़ा शतक

IPL 2023 के 6वें मैच में मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स (MI vs SRH) को 8 विकेट से हरा दिया है। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच मेजबान MI के सामने 201 रन का विशाल टारगेट था, जिसे टीम ने बहुत ही आसानी से हासिल कर लिया।

New Update
MI vs SRH

MI vs SRH, IMAGE IPL/BCCI

IPL 2023 के 6वें मैच में मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स (MI vs SRH) को 8 विकेट से हरा दिया है। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच मेजबान MI के सामने 201 रन का विशाल टारगेट था, जिसे टीम ने बहुत ही आसानी से 18 ओवर के खेल में सिर्फ 2 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। टीम की जीत में कैमरून ग्रीन ने धमाकेदार शतक जड़ा।

इस जीत के साथ ही मुंबई इंडियंस ने अभी भी अपने आप को प्लेऑफ के लिए जिंदा रखा है। टीम की 14 मैचों में ये 8वीं जीत रही। हालांकि अब रोहित एंड कंपनी को उम्मीद करनी होगी कि गुजरात टाइटंस हर हाल में आरसीबी को हरा दें। वहीं हैदराबाद की 14 मैचों में ये 10वीं हार रही। 

खराब हुई थी शुरुआत, फिर...

टारगेट का पीछा करते हुए मुंबई की शुरुआत खराब रही। तीसरे ही ओवर में ईशान किशन (14) को भुवनेश्वर कुमार ने आउट कर दिया। इस विकेट के बाद कप्तान रोहित शर्मा और कैमरून ग्रीन ने पारी को संभाला। दोनों ने तेजी से रन बनाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते ग्रीन ने सिर्फ 20 गेंदों पर अपना तेज तर्रार अर्धशतक जड़ दिया। हिटमैन भी पीछे नहीं रहे और उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों पर अपने आईपीएल करियर का 42वां अर्धशतक पूरा किया। 

दूसरे विकेट के लिए इस जोड़ी ने 65 गेंदों पर 128 रन जोड़े। इस साझेदारी का अंत 14वें ओवर की पहली गेंद पर हुआ, जब मयंक डागर ने रोहित शर्मा की विकेट चटकाई। हिटमैन ने 37 गेंदों पर 8 चौके और 1 छक्के की मदद से 56 रन बनाए।

ग्रीन ने दिलाई जीत

रोहित के विकेट के बाद भी कैमरून ग्रीन नहीं रूके। उन्होंने तेजी से रन बनाना जारी रखा। उन्होंने 47 गेंदों पर अपने आईपीएल करियर का पहला शतक जड़ा। वह 47 गेंदों पर 100 रन बनाकर नाबाद लौटे। अपनी पारी में ग्रीन ने 8 चौके और इतने ही छक्के लगाए। वहीं सूर्यकुमार यादव ने भी तेज पारी खेलते हुए 16 गेंदों पर नाबाद 25 रन बनाए।

 

हैदराबाद ने बनाए 200 रन 

इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए अपने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 200 रन का स्कोर बोर्ड पर लगाया। आज टीम मयंक अग्रवाल और विवरांत शर्मा की नई ओपनिंग जोड़ी के साथ मैदान पर उतरी थी। दोनों ने टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 83 गेंदों पर 140 रन जोड़े। 

विवरांत 14वें ओवर में आकाश मधवाल की गेंद पर आउट हुए। उन्होंने 47 गेंदों पर 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से 69 रन बनाए। इसके बाद अपने शतक की ओर बढ़ रहे मयंक 17वें ओवर में आकाश की ही गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। अग्रवाल के बल्ले से 46 गेंदों पर 8 चौके और 4 छक्कों की मदद से 83 रन देखने को मिले।

MI vs SRH

मिडिल ऑर्डर ने किया निराश

सनराइजर्स के मध्यक्रम के बल्लेबाज शानदार शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके। हेनरिक क्लासेन (18), ग्लेन फिलिप्स (1) और हैरी ब्रूक बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। कप्तान एडेन मार्करम ने 7 गेंदों पर नाबाद 13 और सनवीर सिंह ने 3 गेंदों पर नाबाद 4 रन बनाए। मुंबई के लिए आकाश मधवाल ने 4 और क्रिस जॉर्डन को 1 विकेट मिला। आखिरी 5 ओवर में हैदराबाद ने मात्र 43 रन बनाए।

ये भी पढ़ें- 6 6 6 6 6 6 6... दिल्ली में आई Ruturaj की आंधी, कुलदीप के ओवर में लगाई छक्कों की हैट्रिक

Latest Stories