WPL में पहला: एश्ले गार्डनर ने फेंकी पहली गेंद तो हरमनप्रीत ने जड़ी पहली फिफ्टी

विमेंस प्रीमियर लीग का शनिवार को आगाज हुआ। पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस और गुजरात जायंट्स के बीच हुआ। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 207 रन बनाए।

author-image
By Rajat Gupta
New Update
WPL में पहला: एश्ले गार्डनर ने फेंकी पहली गेंद तो हरमनप्रीत ने जड़ी पहली फिफ्टी

Gujarat Giants vs Mumbai Indians Women, Womens Premier League, WPL: विमेंस प्रीमियर लीग का शनिवार को आगाज हुआ। पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस और गुजरात जायंट्स के बीच हुआ। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 207 रन बनाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शानदार अर्धशतक जड़ा।

जवाब में बेथ मूनी की गुजरात 15.1 ओवर में 64 रन पर ही ढेर हो गई। MI ने 143 रन से इस मुकाबले को अपने नाम किया। 30 गेंदों पर 65 रन की तूफानी पारी खेलने वाली हरमनप्रीत को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अपनी इस पारी में उन्होंने 14 शानदार चौके लगाए। आइए जानते हैं विमेंस प्रीमियर लीग में पहली बार किसने क्या-क्या किया। 

 

पहला ओवर/गेंद/डॉट बॉल

गुजरात जायंट्स की एश्ले गार्डनर ने पहला ओवर किया। इस ओवर में कुल 2 रन बने। ओवर की पहली गेंद पर कोई रन नहीं बना। मुंबई की यस्तिका भाटिया ने इस गेंद का सामना किया। पहले ओवर की 5वीं गेंद पर WPL का पहला रन बना। भाटिया ने गार्डनर की गेंद पर मिड विकेट की दिशा में शॉट खेलकर 1 रन चुराया। 

पहला चौका/छक्का/वाइड

गुजरात जायंट्स की ओर से दूसरा ओवर मानसी जोशी ने किया। ओवर की पहली गेंद पर ही मुंबई की हेली मैथ्यूज ने स्कवायर लेग की दिशा में पहला छक्का लगाया। इसी ओवर की दूसरी गेंद पर हेली ने थर्ड मैन की दिशा में चौका जड़ा। लगातार दो बाउंड्री लगने के बाद दबाव में आईं मानसी ने ओवर की 5वीं गेंद वाइड की। 

पहला विकेट/कैच/बोल्ड

गुजरात जायंट्स की लेफ्ट आर्म स्पिनर तनुजा कंवर ने तीसरे ओवर की तीसरी बॉल पर यस्तिका भाटिया का विकेट चटकाया। ऑफ स्टंप के बाहर फुलर लेंथ बॉल को भाटिया ड्राइव करना चाह रही थीं, लेकिन जॉर्जिया वेयरहेम को कैच दे बैठीं। यस्तिका ने 8 गेंदों पर मात्र 1 रन बनाया। MI की हेली मैथ्यूज पहली पारी के 9वें ओवर में आउट हुईं। गुजरात की एश्ले गार्डनर ने 47 रन के स्कोर पर उन्हें बोल्ड किया।

पहला पावरप्ले: टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने पावरप्ले में 1 विकेट खोकर 44 रन बनाए। इसके बाद नैटली सीवर और हेली मैथ्यूज ने पारी को संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 54 रनों की साझेदारी हुई। यह विमेंस प्रीमियर लीग की पहली फिफ्टी पार्टनरशिप है।

पहली फिफ्टी: मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने विमेंस प्रीमियर लीग की पहली फिफ्टी लगाई। 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर चौका जड़ने के साथ ही उन्होंने 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।

 

पहला रिटायर्ड हर्ट

गुजरात जायंट्स की कप्तान बेथ मूनी दूसरी पारी के पहले ओवर में रिटायर्ड हर्ट हो गईं। नैटली सीवर के ओवर की चौथी बॉल पर रन लेने के प्रयास में उनके घुटने में खिंचाव हुआ। फिजियो मैदान पर आईं और मूनी रिटायर हर्ट होकर पवेलियन लौट गईं। उन्होंने 3 गेंदों का सामना किया और वह खाता नहीं खोल सकीं।

पहला गोल्डन डक/डक

208 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की पारी शुरुआत में ही लड़खड़ा गई। पहले ओवर की आखिरी गेंद पर हरलीन देओल कैच आउट हुईं। उन्होंने 2 गेंदों का सामना किया और कोई भी रन नहीं बनाया। दूसरी ओवर की दूसरी गेंद पर गुजरात जायंट्स की बैटर एश्ले गार्डनर गोल्डन डक का शिकार हुईं। इजाबेल वॉन्ग ने उन्हें स्लिप पर कैच आउट कराया।

पहला रिव्यू

दूसरी पारी के 8वें ओवर में WPL का पहला DRS लिया गया। गुजरात की स्नेह राणा को ओवर की पहली ही बॉल पर मुंबई की अमीलिया केर ने LBW किया। स्नेह ने रिव्यू लिया, लेकिन फिर भी वह आउट ही रहीं। वहीं 13वां ओवर करने आईं साइक इशाक ने आखिरी गेंद लेग साइड पर फेंकी। अंपायर ने इस गेंद को वाइड करार दिया, जिस पर हरमनप्रीत ने रिव्यू लिया और अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा।

पहला मेडन

मुंबई इंडियंस की अमीलिया केर ने पहला मेडन ओवर किया। दूसरी पारी के 8वें ओवर में उन्होंने बिना कोई रन दिए 2 विकेट चटकाए। उन्होंने तनुजा कंवर और स्नेह राणा को आउट किया।

ये भी पढ़ें: WPL 2023: मुंबई इंडियंस ने पहले ही मैच में मचाया तहलका, गुजरात को 143 रन से हराया; हरमन ने खेली तूफानी पारी

Latest Stories