/sportsyaari/media/post_banners/bnnTkEikUJsSzVBWKDdt.png)
Ind vs Aus 3rd Test Day 1, India vs Australia: बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी का तीसरा मुकाबला इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रही। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के चलते पूरी टीम पहली पारी में मात्र 109 रन पर ढेर हो गई। पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 22 रन की पारी खेली। उनके अलावा शुभमन गिल ने 21 रन, श्रीकर भरत ने 17 रन और उमेश यादव ने 17 रन बनाए। मैथ्यू कुह्नमैन ने 9 ओवर में 16 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए।
बनाया यह शर्मनाक रिकॉर्ड
इसके साथ ही टीम इंडिया ने एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। घरेलू मैदान पर 1 जनवरी 2008 से भारत का यह टेस्ट में चौथा सबसे कम स्कोर है। इससे पहले साल 2008 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट में भारतीय टीम 76 रन पर सिमट गई थी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2017 में पुणे में टीम इंडिया ने पहली पारी में 105 रन बनाए थे। वहीं 2017 में ही पुणे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत ने दूसरी पारी में 107 रन बनाए थे।
- भारत बनाम साउथ अफ्रीका: 2008- 76 रन (अहमदाबाद)
- भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: 2017- 105 रन (पुणे)
- भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: 2017- 107 रन (पुणे)
- भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: 2023- 109 रन (इंदौर)
India registered their 4th lowest total at home in the last 15 years. pic.twitter.com/x5fcMtVyAQ
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) March 1, 2023
भारत की पहली पारी
रोहित शर्मा और गिल के बीच पहले विकेट के लिए 27 रन की साझेदारी हुई। रोहित 23 गेंदों पर 12 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 8वें ओवर की दूसरी गेंद पर गिल 21 रन बनाकर मैथ्यू कुह्नमैन का शिकार बने। अगले ही ओवर में नाथन लियोन ने चेतेश्वर पुजारा को बोल्ड किया, उन्होंने 4 गेंदों पर 1 रन बनाया। 11वें ओवर की 5वीं गेंद पर भारत का चौथा विकेट गिरा। जडेजा 9 गेंदों पर 4 रन बनाकर आउट हुए। अगले ही ओवर में श्रेयस अय्यर खाता तक नहीं खोल सके। कुह्नमैन ने उन्हें बोल्ड किया।22वें ओवर की चौथी गेंद पर भारत का छठा विकेट गिरा। कोहली 52 गेंदों पर 22 रन बनाकर मर्फी का शिकार बने।
उमेश ने लगाए 2 छक्के
25वें ओवर की 5वीं गेंद पर टीम इंडिया को 7वां झटका लगा। श्रीकर भरत 30 गेंदों पर 17 रन बनाकर आउट हुए। लंच तक भारत का स्कोर 7 विकेट के नुकसान पर 84 रन था। लंच के बाद भारत का 8वां विकेट गिरा। अश्विन 12 गेंदों पर 3 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उमेश यादव के रूप में भारत का 9वां विकेट गिरा। उमेश यादव ने 13 गेंदों पर 17 रन बनाए। अपनी इस पारी में तेज गेंदबाज ने 2 छक्के और 1 चौका जड़ा। सिराज के रूप में भारत का आखिरी विकेट गिरा। तेज गेंदबाज खाता तक नहीं खोल सके और रन आउट हुए। अक्षर पटेल 12 रन बनाकर नाबाद रहे।
ये भी पढ़ें: Ind Vs Aus : कोहली के लिए मुसीबत बना यह कंगारू गेंदबाज; नागपुर, दिल्ली के बाद इंदौर में भी भेजा पवेलियन