FIFA World Cup 2022: 5वें दिन रोनाल्डो ने रचा इतिहास, पुर्तगाल ने घाना को 3-2 से हराया; देखें सभी मैचों का रिजल्ट

फीफा विश्वकप 2022 के 5वें दिन भी रोमांचक मैच देखने को मिले। पहले मैच में स्विट्जरलैंड ने कैमरून को 1-0 से हराया। दिन के दूसरे मैच में कोरिया ने उरुग्वे को ड्रॉ पर रोका। दिन के तीसरे मैच में पुर्तगाल ने घाना को 3-2 से हराया।

author-image
By Rajat Gupta
New Update
FIFA World Cup 2022: 5वें दिन रोनाल्डो ने रचा इतिहास, पुर्तगाल ने घाना को 3-2 से हराया; देखें सभी मैचों का रिजल्ट

FIFA World Cup 2022: फीफा विश्वकप 2022 के 5वें दिन भी रोमांचक मैच देखने को मिले। पहले मैच में स्विट्जरलैंड ने कैमरून को 1-0 से हराया। दिन के दूसरे मैच में कोरिया ने उरुग्वे को ड्रॉ पर रोका। दिन के तीसरे मैच में पुर्तगाल ने घाना को 3-2 से हराया। इस मैच में पुर्तगाल के कप्तान और स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने इतिहास रच दिया। वह फीफा विश्वकप के 5 एडिशन में गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। वहीं रात 12:30 बजे खेले गए आखिरी मैच में ब्राजील ने सर्बिया को 2-0 से मात दी। 

publive-image

स्विट्जरलैंड बनाम कैमरून (Switzerland vs Cameroon)

फीफा विश्वकप 2022 के 5वें दिन का पहला मुकाबला स्विट्जरलैंड और कैमरून के बीच खेला गया। अल जानुब स्टेडियम में खेले गए इस मैच के पहले हाफ तक दोनों टीमें एक भी गोल नहीं कर सकीं और मैच 0-0 पर रुका। इसके बाद दूसरे हाफ की शुरुआत में ही स्विट्जरलैंड ने 1-0 की बढ़त बना ली। 48वें मिनट में एंबोलो ने पहला गोल दागा। इसके बाद दोनों ही टीमें 90 मिनट तक कोई गोल नहीं कर सकीं और स्विट्जरलैंड ने 1-0 से मुकाबले को जीत लिया।

publive-image

कोरिया बनाम उरुग्वे (Uruguay vs Korea Republic)

फीफा विश्वकप 2022 के 5वें दिन का दूसरा मुकाबला ग्रुप-एच की कोरिया और उरुग्वे के बीच खेला गया। हालांकि दोनों टीमें इस मैच में एक भी गोल नहीं कर सकीं और मैच गोल रहित ड्रॉ पर समाप्त हुआ। फीफा रैंकिंग में 28वें नंबर की कोरिया रिपब्लिक ने 14वें पायदान वाली उरुग्वे को 0-0 के ड्रॉ पर रोका। ऐसे में दोनों टीमों को 1-1 अंक दिया गया। उरुग्वे का बॉल पजेशन 56 तो कोरिया का 44 प्रतिशत रहा। मैच के दौरान उरुग्वे ने 10 शॉट गोल पर तो वहीं कोरिया ने 7 शॉट गोल पर अटेम्प्ट किए। हालांकि सफलता दोनों टीमों को नहीं मिली। 

publive-image

पुर्तगाल बनाम घाना (Portugal vs Ghana)

फीफा विश्वकप 2022 के 5वें दिन का तीसरा मुकाबला ग्रुप एच की पुर्तगाल और घाना के बीच हुआ। इस रोमांचक मैच में पुर्तगाल ने घाना को 3-2 से मात दी। मैच के हाफ टाइम तक दोनों टीमें स्कोर बोर्ड पर कोई भी अंक दर्ज नहीं करा सकी थीं। हाफ टाइम के बाद पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने 65वें मिनट में पहला गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई और इतिहास रच दिया। 73वें मिनट में घाना के कप्तान आंद्रे एयू ने गोल दागकर मैच 1-1 की बराबरी पर ला दिया। 

इसके बाद पुर्तगाल ने आक्रामक खेला दिखाया। मैच के 78वें मिनट में जोआओ फेलिक्स और 80वें मिनट में राफेल लियाओ ने गोल कर पुर्तगाल को 3-1 की बढ़त दिला दी। 89वें मिनट में घाना के ओसमान बुकारी ने गोल कर अपनी टीम की वापसी कराई, लेकिन इसके बाद 90 मिनट दोनों ही टीमें कोई अन्य गोल नहीं कर सकीं और पुर्तगाल ने 3-2 से मुकाबले को जीत लिया। 

publive-image

ब्राजील बनाम सर्बिया (Brazil vs Serbia)

फीफा विश्वकप 2022 के 5वें दिन का आखिरी मुकाबला ब्राजील और सर्बिया के बीच खेला गया। इस साल खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही ब्राजील ने शानदार जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज किया। हालांकि इस मैच में टीम के मेन स्ट्राइकर नेमार चोटिल हो गए। मैच में ब्राजील की ओर से रिचर्लिसन ने  दोनों गोल किए। 

शुक्रवार, 25 नवंबर

वेल्स बनाम ईरान - दोपहर 3:30 बजे
कतर बनाम सेनेगल - शाम 6:30 बजे
नीदरलैंड बनाम इक्वाडोर - रात 9:30 बजे
इंग्लैंड बनाम यूएसए - दोपहर 12:30 बजे

ये भी पढ़ें: FIFA World Cup 2022: रोमांच से भरा रहा चौथा दिन, जापान ने जर्मनी को हराया तो स्पेन ने कोस्टारिका को 7-0 से रौंदा

Latest Stories