जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी ने अपने छोटे भाई को खो दिया है। इस दुखद खबर के बाद उन्होंने भावुक पोस्ट शेयर किया जहाँ क्रिकेट जगत में शोक की लहर है।
क्रिकेट जगत में शोक, दिग्गज खिलाड़ी ने खोया छोटा भाई; इमोशनल पोस्ट किया शेयर
Table of Contents
क्रिकेट जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जिसने फैंस और खिलाड़ियों को भावुक कर दिया है। जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के कप्तान और स्टार ऑलराउंडर सिकंदर रजा के घर शोक की लहर दौड़ गई है। उनके 13 साल के छोटे भाई मुहम्मद महदी का निधन हो गया है। नए साल से ठीक पहले आई इस खबर ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
सिकंदर रजा (Sikander Raza) की पहचान दुनिया के बेहतरीन टी20 ऑलराउंडर्स में होती है। उन्होंने न सिर्फ इंटरनेशनल क्रिकेट में बल्कि आईपीएल जैसी बड़ी लीग में भी अपनी अलग छाप छोड़ी है। हाल ही में वह यूएई में खेली जा रही इंटरनेशनल लीग टी20 का हिस्सा थे, लेकिन निजी जीवन में आए इस गहरे सदमे ने उन्हें और उनके परिवार को तोड़ कर रख दिया है।
हरारे में Sikander Raza के छोटे भाई का निधन
सिकंदर रजा (Sikander Raza) के छोटे भाई मुहम्मद महदी का निधन 29 दिसंबर, 2025 को हरारे में हुआ। वह जन्म से ही हीमोफीलिया नामक एक दुर्लभ ब्लड डिसऑर्डर से पीड़ित थे, जिसमें खून का थक्का जमने में दिक्कत होती है। बीमारी से जुड़ी जटिलताओं के चलते उनकी हालत बिगड़ती चली गई और आखिरकार उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। अगले दिन वारेन हिल्स कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड ने जताया शोक
इस दुखद मौके पर जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड ने सोशल मीडिया के जरिए आधिकारिक पोस्ट साझा की। बोर्ड ने सिकंदर रजा (Sikander Raza) और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा कि इस कठिन समय में पूरा क्रिकेट परिवार उनके साथ खड़ा है। पोस्ट में परिवार के लिए शक्ति और शांति की कामना भी की गई। टीम के साथी खिलाड़ियों, पूर्व क्रिकेटर्स और फैंस ने भी सोशल मीडिया पर रजा के लिए सहानुभूति जताई।
आंकड़ों में झलकता है दमदार करियर
सिकंदर रजा (Sikander Raza) अब तक जिम्बाब्वे के लिए 22 टेस्ट, 153 वनडे और 127 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 1434 रन बनाने के साथ 40 विकेट झटके हैं। वनडे में उनके नाम 4476 रन और 94 विकेट दर्ज हैं। टी20 इंटरनेशनल में रजा ने 2883 रन बनाने के साथ 102 विकेट हासिल किए हैं। इसके अलावा वह दुनिया की कई फ्रेंचाइजी लीगों में भी खेलते रहे हैं, जहां उनकी ऑलराउंड काबिलियत के चलते वह टीमों की पहली पसंद माने जाते हैं।