WPL 2026: WPL 2026 अब मार्च नहीं, बल्कि 7 जनवरी से 3 फरवरी तक मुंबई और बड़ौदा में खेला जाएगा। उद्घाटन मैच DY पाटिल स्टेडियम में होगा, जबकि फाइनल कोटांबी स्टेडियम में आयोजित होने की संभावना है।
मार्च में नहीं बल्कि जनवरी में खेला जाएगा WPL 2026, किस तारीख से होगा टूर्नामेंट का आगाज? तारीख का हुआ खुलासा!
WPL 2026 Dates announced: महिला क्रिकेट के प्रशंसकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। लंबे समय से मार्च में होने वाली WPL को लेकर चल रहे कयासों पर विराम लगाते हुए अब यह साफ हो गया है कि WPL 2026 जनवरी में आयोजित की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक टूर्नामेंट 7 जनवरी से शुरू होकर 3 फरवरी तक खेला जाएगा। शेड्यूल को लेकर BCCI जल्द आधिकारिक घोषणा कर सकती है।
इस बार WPL का आयोजन दो शहरों मुंबई और बड़ौदा में होने की तैयारी है। हालांकि बोर्ड ने अभी तक फ्रेंचाइजी टीमों को औपचारिक रूप से सूचित नहीं किया है, लेकिन आंतरिक बैठकों में इन्हीं दो शहरों को प्राथमिकता दी गई है। माना जा रहा है कि अंतिम पुष्टि WPL ऑक्शन के दौरान, 27 नवंबर को होगी।
WPL 2026: मुंबई में होगा टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच
क्रिकबज़ की रिपोर्ट के अनुसार मुंबई का DY पाटिल स्टेडियम, जिसे कई भारतीय महिला खिलाड़ियों का पसंदीदा मैदान माना जाता है, इस बार उद्घाटन मुकाबलों की मेजबानी करेगा। वहीं टूर्नामेंट के दूसरे चरण की जिम्मेदारी बड़ौदा के पास जा सकती है, जहां कोटांबी स्टेडियम को फाइनल के लिए चुना जा रहा है।

बड़ौदा को जिम्मेदारी सौंपने से पहले यहां 11 जनवरी को भारत-न्यूजीलैंड पुरुषों का वनडे खेला जाएगा, और इसी को ध्यान में रखकर WPL शेड्यूल तैयार किया गया है। अगर सब कुछ तय योजना के अनुसार रहा, तो 16 जनवरी के आसपास से बड़ौदा लेग की शुरुआत हो सकती है।
WPL 2026: लखनऊ व बेंगलुरु की रेस हुई खत्म
WPL 2026 की मेजबानी के लिए पहले मुंबई, बड़ौदा, लखनऊ और बेंगलुरु चार बड़े शहरों पर विचार किया गया था। लेकिन अंतिम दौर की चर्चाओं में मुंबई और बड़ौदा ने बाज़ी मार ली। इससे सीजन में दो शहरों का स्प्लिट-वेन्यू सेटअप देखने को मिलेगा, जो महिला लीग के लिए काफी नया और अहम कदम माना जा रहा है।

27 नवंबर को होगी WPL 2026 नीलामी
WPL 2026 की नीलामी 27 नवंबर को दिल्ली के एरोसिटी में आयोजित की जाएगी। बीसीसीआई ने पांचों फ्रेंचाइजियों को सूचित कर दिया है कि यह एक दिन का कार्यक्रम होगा। रिटेंशन विंडो 6 नवंबर को बंद हो चुकी है, और जल्द ही ऑक्शन के लिए खिलाड़ियों की अंतिम सूची जारी होगी।
रिटेंशन के बाद UP वॉरियरज़ सबसे बड़ी पर्स के साथ नीलामी में उतरेंगी। उन्होंने केवल श्वेता सेहरावत को रिटेन किया है, जिससे उनके पास सबसे ज्यादा RTM कार्ड भी उपलब्ध हैं। दूसरी ओर मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स ने अपने सभी पांच खिलाड़ियों को रिटेन कर RTM विकल्प खत्म कर दिए हैं।
मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस फिर दिखाएंगी दम
2025 की चैंपियन मुंबई इंडियंस एक बार फिर मजबूत टीम के साथ मैदान में उतरेंगी। गौरतलब है कि मुंबई ने 2023 में पहला WPL खिताब और फिर 2025 में दूसरा खिताब जीता था दोनों बार दिल्ली कैपिटल्स को हराकर जिस वजह से वे तीसरे खिताब के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
Read More: अय्यर से पथिराना तक, किस-किस की IPL Auction में चमकेगी किस्मत?
IPL Auction में इन 5 खूंखार बैटर्स पर लगेगी बड़ी बोली, एक ने तो आईपीएल इतिहास में जड़े हैं 223 छक्के