IPL डेब्यू में ही छा गए कूपर कॉनॉली, जानिए कौन है 22 साल के ऑलराउंडर जिसने मचाया धमाल

कूपर कॉनॉली ने IPL डेब्यू मैच में नाबाद 72 रन की धमाकेदार पारी खेलकर पंजाब किंग्स को जीत दिलाई और खुद को एक उभरते हुए स्टार ऑलराउंडर के रूप में साबित किया।

iconPublished: 01 Apr 2026, 12:17 AM
iconUpdated: 01 Apr 2026, 12:25 AM

Who is Cooper Connolly? आईपीएल 2026 में हर सीजन की तरह इस बार भी नए सितारों की एंट्री हो रही है, लेकिन एक नाम जिसने अपने पहले ही मैच में सबका ध्यान खींच लिया, वह है 22 साल के ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कूपर कॉनॉली। पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए कॉनॉली ने अपने डेब्यू मुकाबले में ही ऐसी पारी खेली, जिसने उन्हें रातोंरात चर्चा में ला दिया।

मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कॉनॉली ने न सिर्फ जिम्मेदारी संभाली, बल्कि टीम को जीत भी दिलाई। गुजरात टाइटंस के खिलाफ दबाव भरे मैच में उन्होंने मैच विनिंग पारी खेलकर यह साबित कर दिया कि वह बड़े मंच के खिलाड़ी हैं।

डेब्यू मैच में ही Cooper Connolly ने खेली मैच विनिंग पारी

162 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स की शुरुआत खराब रही थी, लेकिन नंबर-3 पर आए कूपर कॉनॉली (Cooper Connolly) ने पारी को संभाल लिया। उन्होंने 44 गेंदों पर नाबाद 72 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 5 छक्के शामिल थे।

कॉनॉली (Cooper Connolly) ने सिर्फ 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और आखिरी तक टिके रहकर टीम को 3 विकेट से रोमांचक जीत दिलाई। 20वें ओवर की पहली ही गेंद पर चौका लगाकर उन्होंने मैच खत्म किया और प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी अपने नाम किया।

ऑक्शन में 3 करोड़ में मिले थे PBKS को

IPL 2026 के ऑक्शन में पंजाब किंग्स ने कूपर कॉनॉली (Cooper Connolly) को 3 करोड़ रुपये में खरीदा था। अपने पहले ही मैच में उन्होंने इस भरोसे को सही साबित कर दिया। उनका आत्मविश्वास, शॉट सेलेक्शन और दबाव में खेलने की क्षमता उन्हें खास बनाती है, जिससे वह टीम के लिए एक बड़े मैच विनर के रूप में उभर सकते हैं।

ग्लेन मैक्सवेल का विकल्प माने जा रहे

कॉनॉली (Cooper Connolly) को ऑस्ट्रेलिया और पंजाब किंग्स दोनों में ही ग्लेन मैक्सवेल के संभावित विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। उनकी बल्लेबाजी शैली आक्रामक है और वह स्पिन गेंदबाजी से भी योगदान देने में सक्षम हैं। वह ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ी शॉन मार्श को अपना आदर्श मानते हैं और उसी तरह मैच जिताने की क्षमता रखते हैं।

इंटरनेशनल और घरेलू क्रिकेट में भी दिखाया दम

कूपर कॉनॉली (Cooper Connolly) IPL डेब्यू से पहले ही 52 टी20 मैच खेल चुके थे, जिसमें उन्होंने 870 रन बनाए और 30 विकेट भी लिए। इंटरनेशनल क्रिकेट में भी वह ऑस्ट्रेलिया के लिए खेल चुके हैं। उन्होंने 1 टेस्ट, 8 वनडे और 11 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। हालांकि अभी उनका इंटरनेशनल करियर शुरुआती दौर में है, लेकिन IPL में इस धमाकेदार शुरुआत के बाद उनका भविष्य बेहद उज्ज्वल नजर आ रहा है।