वैभव सूर्यवंशी ने RCB के खिलाफ 15 गेंदों में तूफानी अर्धशतक जड़ते हुए हेजलवुड-भुवनेश्वर पर जमकर रन बरसाए और शानदार पारी के दम पर ऑरेंज कैप पर कब्जा कर लिया।
हेजलवुड-भुवनेश्वर पर कहर बनकर टूटे वैभव सूर्यवंशी, RCB के खिलाफ ताबड़तोड़ अर्धशतक जड़कर ऑरेंज कैप पर किया कब्जा
Vaibhav Suryavanshi vs RCB: आईपीएल 2026 के 16वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेले जा रहे मैच में बल्लेबाजी का ऐसा तूफान देखने को मिला, जिसने गेंदबाजों की पूरी योजना ध्वस्त कर दी। 202 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान को जिस शुरुआत की जरूरत थी, वह वैभव सूर्यवंशी ने अकेले दम पर दे दी।
मैच के शुरुआती ओवरों में ही वैभव ने यह साफ कर दिया कि आज उनका इरादा कुछ खास करने का है। जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार जैसे अनुभवी गेंदबाज भी उनके सामने बेबस नजर आए। चौकों-छक्कों की बारिश के बीच उन्होंने महज 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर मुकाबले का रुख ही बदल दिया।
हेजलवुड-भुवनेश्वर के ओवर में बरसे रन
वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) ने अपनी पारी की शुरुआत भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर शानदार स्ट्रेट ड्राइव के साथ की। यशस्वी जायसवाल का विकेट जल्दी गिरने के बावजूद वैभव ने अपना आक्रामक रवैया बरकरार रखा। उन्होंने जोश हेजलवुड के एक ओवर में लगातार बाउंड्री लगाते हुए 18 रन ठोक दिए। इसके बाद अगले ही ओवर में भुवनेश्वर कुमार को निशाने पर लेते हुए दो छक्के और एक चौके की मदद से 16 रन बटोर लिए।

15 गेंदों में दूसरी बार Vaibhav Suryavanshi ने ठोकी फिफ्टी
वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) ने इस पारी के दौरान महज 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ते हुए इतिहास रच दिया। वह आईपीएल में भारतीय बल्लेबाजों द्वारा सबसे तेज अर्धशतक लगाने के मामले में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। खास बात यह है कि उन्होंने इस सीजन में दूसरी बार 15 गेंदों में फिफ्टी पूरी की है।

ध्रुव जुरेल के साथ शतकीय साझेदारी
एक छोर से वैभव (Vaibhav Suryavanshi) जहां ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे थे, वहीं दूसरे छोर पर ध्रुव जुरेल ने शानदार साथ निभाया। दोनों के बीच सिर्फ 37 गेंदों में 100 से ज्यादा रनों की साझेदारी हुई, जिसने मैच को पूरी तरह राजस्थान के पक्ष में झुका दिया। इस साझेदारी में जुरेल ने 38 रन का योगदान दिया, जबकि वैभव ने 70 रन जोड़ते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।