टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में भारत, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के एक ही ग्रुप में आने से 17 साल पुराना संयोग दोहराया गया है।
T20 World Cup में 17 साल बाद बना ये अनोखा समीकरण, सुपर-8 में भारत के लिए बढ़ा खतरा
Table of Contents
T20 World Cup, Scenario for first time in 17 years: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया का सफर अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। 21 फरवरी से शुरू हो रहे सुपर-8 राउंड में भारत को ऐसी चुनौती का सामना करना है, जिसने फैंस और विशेषज्ञों दोनों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन के बाद अब असली परीक्षा उन टीमों के खिलाफ है, जो पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही हैं।
भारतीय टीम ग्रुप-1 में साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के साथ है। चारों टीमों ने अपने-अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया है, जिससे यह ग्रुप ‘ग्रुप ऑफ डेथ’ बन गया है। इसके साथ ही 17 साल पुराना एक ऐतिहासिक संयोग भी सामने आया है, जो भारत के लिए खतरे की घंटी साबित हो सकता है।
T20 World Cup: 17 साल बाद फिर बना वही खतरनाक समीकरण
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह सिर्फ दूसरी बार है जब भारत, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज एक ही सुपर-8 ग्रुप में हैं। इससे पहले 2009 में ऐसा हुआ था, जब भारत के साथ साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड एक ही ग्रुप में थे।

उस टूर्नामेंट में टीम इंडिया का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। भारत को वेस्टइंडीज से 7 विकेट, साउथ अफ्रीका से 12 रन और इंग्लैंड से 3 रन से हार का सामना करना पड़ा था, जिसके चलते टीम सुपर-8 से आगे नहीं बढ़ सकी थी। 17 साल बाद फिर से वही स्थिति बनना भारतीय फैंस के लिए चिंता का कारण बन गया है।
T20 World Cup: जिम्बाब्वे की मौजूदगी ने बढ़ाया खतरा
इस बार समीकरण और भी खतरनाक हो गया है, क्योंकि ग्रुप में जिम्बाब्वे जैसी टीम भी शामिल है, जिसने ग्रुप स्टेज में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका जैसी दिग्गज टीमों को हराकर बड़ा उलटफेर किया है। सिकंदर रजा की कप्तानी में टीम आत्मविश्वास से भरी नजर आ रही है।

T20 World Cup: 22 फरवरी को भारत का पहला मुकाबला
सुपर-8 में सिर्फ टॉप-2 टीमें ही सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, ऐसे में हर मैच का महत्व कई गुना बढ़ गया है। भारत का पहला मुकाबला 22 फरवरी को अहमदाबाद में साउथ अफ्रीका से होगा, जो अब तक टूर्नामेंट में अजेय रही है। इसके बाद 26 फरवरी को चेन्नई में जिम्बाब्वे और 1 मार्च को कोलकाता में वेस्टइंडीज से भिड़ंत होगी।