साउथ अफ्रीका से हार के बाद दबाव में आई टीम इंडिया को जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रज़ा ने चेतावनी दी है जिसने सभी को हैरान कर दिया है।
साउथ अफ्रीका से हार के बाद टीम इंडिया पर बढ़ा दबाव, जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर राजा ने दी चेतावनी
Table of Contents
साउथ अफ्रीका के खिलाफ करारी हार के बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में टीम इंडिया पर दबाव साफ नजर आने लगा है। टूर्नामेंट में लगातार जीत की लय पर चल रही भारतीय टीम को इस हार ने न केवल अंक तालिका में झटका दिया है, बल्कि आगामी मुकाबलों से पहले मानसिक चुनौती भी खड़ी कर दी है। अब भारत को अपने अगले मैचों में हर कदम फूंक-फूंक कर रखना होगा।
इसी बीच जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रज़ा ने भारत को खुली चेतावनी देकर मुकाबले का रोमांच और बढ़ा दिया है। रज़ा ने साफ कहा है कि उनकी टीम भारत में खेलने के अनुभव की कमी को बहाना नहीं बनाएगी और सुपर-8 में बड़े उलटफेर के लिए तैयार है। ग्रुप स्टेज में श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया जैसी टीमों को कड़ी टक्कर देने के बाद जिम्बाब्वे का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर है।
Sikandar Raza ने दिया बड़ा बयान
सिकंदर रज़ा (Sikandar Raza) ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनकी टीम भारतीय परिस्थितियों को लेकर किसी तरह का बहाना नहीं बनाएगी। उन्होंने कहा, “जो भी नतीजा आए, हम यह नहीं कहेंगे कि हम कंडीशन्स के साथ एडजस्ट नहीं कर पाए। जिम्बाब्वे की टीम और उसके फैंस इस तरह नहीं सोचते।”

रज़ा (Sikandar Raza) ने इस बात पर जोर दिया कि टीम इतिहास या आंकड़ों पर नहीं, बल्कि अपनी तैयारी और मजबूत माइंडसेट पर भरोसा कर रही है। उन्होंने कहा कि वानखेड़े में सुपर-8 की शुरुआत करने के बाद टीम का फोकस केवल बेहतर प्रदर्शन पर है।
भारत में अनुभव की कमी नहीं बनेगी बहाना
जिम्बाब्वे ने पिछले एक दशक में भारत में कोई टी20 मैच नहीं खेला है, लेकिन रज़ा इसे मुद्दा मानने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि टीम ने वॉर्म-अप सत्र पूरे किए हैं, नेट्स में अभ्यास जारी है और खिलाड़ियों ने काफी क्रिकेट देखी और समझी है।

रज़ा (Sikandar Raza) खुद आईपीएल में खेल चुके हैं और उनका मानना है कि भारतीय परिस्थितियों की समझ उन्हें रणनीति बनाने में मदद करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि छोटे मैदान या पिच जैसी बातों पर ध्यान देने के बजाय टीम अपने खेल पर फोकस करेगी, क्योंकि परिस्थितियां दोनों टीमों के लिए समान हैं।
सेमीफाइनल की दौड़ पर रज़ा का बेबाक जवाब
जब रज़ा (Sikandar Raza) से पूछा गया कि कितने लोग जिम्बाब्वे को सेमीफाइनलिस्ट मान रहे हैं, तो उन्होंने मुस्कराते हुए कहा कि शायद बहुत कम लोग। लेकिन यही बात टीम को प्रेरित करती है। उन्होंने कहा, “हमें नहीं पता कि हम सेमीफाइनल तक पहुंच पाएंगे या नहीं, लेकिन कप्तान होने के नाते हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करेंगे।” रज़ा के मुताबिक, हर जीत के साथ टीम का आत्मविश्वास बढ़ रहा है और ड्रेसिंग रूम का माहौल पहले से अधिक सकारात्मक हो गया है।