शिवम दुबे की 66 रन की विस्फोटक पारी और ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत टीम इंडिया ने नीदरलैंड्स को 17 रन से हराकर सुपर 8 में जगह पक्की कर ली।
Shivam Dube: 4 डॉट गेंदों से नहीं पड़ा शिवम दुबे को फर्क, 66 रनों की मैच जिताऊ पारी के बाद बताया जीत का मंत्र
Shivam Dube on his innings vs Netherlands: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया का विजय अभियान लगातार जारी है। भारत ने ग्रुप स्टेज के चौथे मुकाबले में नीदरलैंड्स को 17 रन से हराकर एक और दमदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने अपने सभी मैच जीतते हुए सुपर 8 में जगह पक्की कर ली है और खिताब की प्रबल दावेदार बनकर उभरी है।
इस मुकाबले में शिवम दुबे (Shivam Dube) टीम इंडिया की जीत के हीरो साबित हुए। उन्होंने 66 रनों की विस्फोटक पारी खेलने के साथ एक विकेट भी हासिल किया। मैच के बाद दुबे ने अपनी बल्लेबाजी को लेकर बड़ा बयान दिया और बताया कि कैसे डॉट गेंदों के दबाव को नजरअंदाज कर उन्होंने मैच जिताऊ पारी खेली।
Shivam Dube ने क्या कहा?
जब टीम इंडिया का स्कोर 13.3 ओवर में 110 रन पर 4 विकेट था, तब शिवम दुबे (Shivam Dube) ने आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 31 गेंदों में 200 से अधिक के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए चार चौके और छह छक्के जड़े। उनकी पारी की बदौलत भारत 193 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा।

मैच के बाद दुबे (Shivam Dube) ने कहा, “मुझे बाउंड्री लगाना और छक्के जड़ना पसंद है। इस तरह की परिस्थितियों में बल्लेबाजी करने में मजा आता है। ऑफ स्पिनर ने जब मुझे चार गेंदें डॉट डालीं तो ज्यादा फर्क नहीं पड़ा, क्योंकि मुझे पता था कि बाद में इसकी भरपाई कर लूंगा। मैं कंडीशन के हिसाब से विकेट पर थोड़ा समय ले रहा था और बड़े शॉट खेलने के लिए तैयार था।” उन्होंने यह भी बताया कि वह अपनी गेंदबाजी पर लगातार मेहनत कर रहे हैं और उसका परिणाम भी देखने को मिल रहा है।
गेंद और बल्ले दोनों से दिखाया दम
शिवम दुबे ने सिर्फ बल्ले से ही नहीं, बल्कि गेंद से भी टीम के लिए योगदान दिया। उन्होंने अहम समय पर एक विकेट लेकर नीदरलैंड्स की पारी पर दबाव बनाने में भूमिका निभाई। ऑलराउंड प्रदर्शन के चलते वह इस मुकाबले में भारत की जीत के प्रमुख नायक बनकर उभरे।

सुपर 8 में दक्षिण अफ्रीका से होगी टक्कर
टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान, नामीबिया, अमेरिका और नीदरलैंड्स को हराकर शानदार प्रदर्शन किया है। अब भारत सुपर 8 में पहुंच चुका है, जहां उसका अगला मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा। 22 फरवरी को खेले जाने वाले इस मैच में टीम इंडिया जीत का सिलसिला जारी रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।