साउथ अफ्रीका ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में मिली हार का बदला लेते हुए न्यूजीलैंड को पहले टी20 मुकाबले में 7 विकेट से हरा दिया।
SA vs NZ: साउथ अफ्रीका ने मात्र 11 दिनों में ही न्यूजीलैंड से टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल का लिया बदला, पहले टी20 मुकाबले में 7 विकेट से रौंदा
SA vs NZ 1st T20I Match Report: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खत्म होने के तुरंत बाद साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच नई टी20 सीरीज की शुरुआत हो चुकी है। दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की इस सीरीज का पहला मुकाबला 15 मार्च को माउंट मॉन्गनुई के बे ओवल मैदान पर खेला गया, जहां मेहमान साउथ अफ्रीका का दबदबा देखने को मिला।
प्रोटियाज टीम ने इस मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया और वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में मिली हार का बदला भी ले लिया। खास बात यह रही कि टी20 वर्ल्ड कप में मिली हार के महज 11 दिनों के भीतर ही साउथ अफ्रीका ने कीवी टीम को उसी अंदाज में जवाब दे दिया।
SA vs NZ: 91 रन पर सिमट गई न्यूजीलैंड टीम
सीरीज के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन उनका यह निर्णय पूरी तरह गलत साबित हुआ। साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों के सामने कीवी बल्लेबाज टिक नहीं पाए और पूरी टीम 14.3 ओवर में महज 91 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

न्यूजीलैंड के लिए जेम्स नीशम ने सबसे ज्यादा 26 रन बनाए, जबकि बाकी बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। साउथ अफ्रीका की ओर से नकोबानी मोकोएना ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।
SA vs NZ: 20 गेंद बाकी रहते हासिल किया लक्ष्य
साउथ अफ्रीका के सामने जीत के लिए 92 रन का आसान लक्ष्य था, जिसे टीम ने बिना ज्यादा परेशानी के हासिल कर लिया। प्रोटियाज टीम ने 16.4 ओवर में ही तीन विकेट खोकर लक्ष्य पा लिया और मुकाबला अपने नाम कर लिया। कॉनर एस्टरहुइजेन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45 रन की नाबाद पारी खेली।
SA vs NZ: सेमीफाइनल की हार का लिया बदला
गौरतलब है कि आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला सेमीफाइनल 4 मार्च को कोलकाता में खेला गया था, जिसमें न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। उस हार ने प्रोटियाज टीम को काफी निराश किया था। साउथ अफ्रीका ने वही पहला मुकाबला जीतकर पिछली हार का बदला लिया है।

SA vs NZ: 17 मार्च को होगा दूसरा मुकाबला
पांच मैचों की इस टी20 सीरीज में साउथ अफ्रीका ने 1-0 की बढ़त बना ली है। पहले मुकाबले में मिली शानदार जीत से टीम का आत्मविश्वास भी काफी बढ़ गया है। अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा मुकाबला 17 मार्च को खेला जाएगा, जहां न्यूजीलैंड की नजर वापसी पर होगी, जबकि साउथ अफ्रीका अपनी बढ़त को और मजबूत करने के इरादे से मैदान में उतरेगा।
लाल जोड़े में छाईं वंशिका, कुलदीप यादव संग लिए सात फेरें; देखें शादी की खूबसूरत PHOTOS