पाकिस्तान क्रिकेट टीम आज सुपर-8 के अहम मुकाबले में न्यूजीलैंड से भिड़ने जा रही है, लेकिन मैच से पहले टीम के अंदरूनी फैसलों ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। ग्रुप स्टेज में 4 में से 3 मैच जीतने के बावजूद कई वरिष्ठ खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर सवाल उठे हैं। शाहीन शाह अफरीदी को चौथे मैच की प्लेइंग इलेवन से बाहर किया गया, वहीं नामीबिया के खिलाफ मुकाबले में बाबर आज़म को पांचवें नंबर तक बल्लेबाज़ी के लिए नहीं भेजा गया।
अब बाबर (Babar Azam) के बल्लेबाजी क्रम को लेकर पूछे गए सवाल पर पाकिस्तान के हेड कोच माइक हेसन की तीखी टिप्पणी ने क्रिकेट जगत में बहस छेड़ दी है। प्रेस कॉन्फ्रेंस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस से लेकर पूर्व क्रिकेटरों तक, हर कोई इस मुद्दे पर अपनी राय दे रहा है।
Babar Azam के स्ट्राइक रेट पर उठे सवाल, कोच का साफ संदेश
न्यूजीलैंड मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक पत्रकार ने सवाल किया कि बाबर आज़म (Babar Azam), जो पहले ओपनिंग करते थे और लीग क्रिकेट में भी शीर्ष क्रम में खेलते हैं, उन्हें चौथे नंबर पर क्यों उतारा जा रहा है। इस पर माइक हेसन ने स्पष्ट कहा कि यह फैसला टीम की जरूरतों के आधार पर लिया गया है।
हेसन ने कहा कि पावरप्ले में बाबर का स्ट्राइक रेट 100 से भी कम रहा है, जो टीम की रणनीति के अनुरूप नहीं है। उनके अनुसार, बाबर मिडिल ऑर्डर में बेहतर भूमिका निभा सकते हैं और सेट होने के बाद अपने स्ट्राइक रेट को बढ़ाने की क्षमता रखते हैं।
टीम मैनेजमेंट की चिंता: धीमी बल्लेबाजी बना मुद्दा
कोच के बयान से साफ है कि पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट बाबर आज़म (Babar Azam)की धीमी बल्लेबाज़ी को लेकर चिंतित है। टी20 फॉर्मेट में तेज शुरुआत को अहम माना जाता है और इसी वजह से टीम संयोजन में बदलाव किए जा रहे हैं।
बाबर का बल्लेबाजी क्रम नीचे खिसकाना इस बात का संकेत है कि टीम अब पारंपरिक एंकर रोल की बजाय आक्रामक शुरुआत को प्राथमिकता दे रही है। हालांकि, यह प्रयोग टीम के संतुलन पर क्या असर डालेगा, यह आने वाले मैचों में साफ होगा।
शाहिद अफरीदी की अलग राय, ओपनिंग की वकालत
जहां टीम मैनेजमेंट बाबर (Babar Azam) को मिडिल ऑर्डर में देखना चाहती है, वहीं पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी का मानना है कि बाबर से ओपनिंग करवाई जानी चाहिए। उनका कहना है कि बाबर जैसे क्लास बल्लेबाज को नीचे भेजना टीम की रणनीतिक कमजोरी दर्शाता है।