टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने के बाद पाकिस्तान को एक और झटका लग सकता है, क्योंकि ईरान-इजरायल युद्ध के चलते बांग्लादेश के खिलाफ 11 मार्च से शुरू होने वाली वनडे सीरीज रद्द होने की आशंका है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने के बाद पाकिस्तान पर संकट, बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज रद्द होने की आशंका
Table of Contents
PAK vs BAN Series can be cancelled: टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम के सामने नई चुनौतियां खड़ी होती नजर आ रही हैं। सुपर-8 चरण में श्रीलंका के खिलाफ जीत के बावजूद खराब रन रेट के कारण पाकिस्तान सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सका और न्यूजीलैंड ने अंतिम चार में प्रवेश कर लिया। टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद अब टीम को बांग्लादेश दौरे पर जाना है, लेकिन इस सीरीज के आयोजन पर अनिश्चितता छा गई है।
इसी महीने पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज प्रस्तावित है, जिसकी शुरुआत 11 मार्च से ढाका में होनी है। पाकिस्तान टीम को 9 मार्च को बांग्लादेश पहुंचना है, लेकिन मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के चलते इस दौरे के रद्द होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक किसी भी बोर्ड की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
PAK vs BAN: पाकिस्तान-बांग्लादेश वनडे सीरीज पर मंडराए संकट के बादल
ईरान-इजरायल युद्ध के कारण कई देशों ने सुरक्षा कारणों से अपने एयरस्पेस बंद कर दिए हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर व्यापक असर पड़ा है। इसी वजह से पाकिस्तान टीम की यात्रा योजना भी प्रभावित हो सकती है।
ढाका में 11, 13 और 15 मार्च को खेले जाने वाले तीनों वनडे मैचों को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। यह सीरीज बांग्लादेश की अक्टूबर 2025 में वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू श्रृंखला के बाद पहली वनडे सीरीज होती, लेकिन अब इसके आयोजन पर सवाल उठ रहे हैं।

PAK vs BAN: सुरक्षा चिंताओं ने बढ़ाई पाकिस्तान की मुश्किलें
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार क्षेत्रीय अस्थिरता को देखते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) सुरक्षा पहलुओं का आकलन कर रहा है। बोर्ड का मानना है कि दौरा तभी संभव है जब यात्रा और खिलाड़ियों की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित हो।

PAK vs BAN: BCB ने कहा हमें कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने स्पष्ट किया है कि उन्हें पाकिस्तान की ओर से दौरा (PAK vs BAN) रद्द करने को लेकर कोई औपचारिक सूचना नहीं मिली है। BCB के ऑपरेशंस चेयरमैन नजमुल आबेदीन ने कहा कि यदि पाकिस्तान यात्रा करने में असमर्थता जताता है, तो बोर्ड मजबूर होगा, लेकिन फिलहाल कार्यक्रम में बदलाव की कोई जानकारी साझा नहीं की गई है।