नुवान तुषारा को आईपीएल 2026 में खेलने के लिए एनओसी नहीं मिलने पर मामला कोर्ट तक पहुंच गया है। फिटनेस टेस्ट में फेल होने के बाद श्रीलंका बोर्ड ने रोक लगाई, जिस पर खिलाड़ी ने कानूनी लड़ाई शुरू कर दी है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाड़ी को नहीं मिली NOC, तो कोर्ट पहुंचा मामला; बीच आईपीएल में बढ़ा विवाद
Table of Contents
IPL 2026, NOC case to court: आईपीएल 2026 का रोमांच अपने चरम पर है, लेकिन मैदान के बाहर भी विवादों का दौर जारी है। कई विदेशी खिलाड़ी अब तक अपनी टीमों से नहीं जुड़ पाए हैं और इसी कड़ी में एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज नुवान तुषारा को अब तक अपनी राष्ट्रीय बोर्ड से एनओसी नहीं मिल पाई है। इस वजह से वह आईपीएल में हिस्सा नहीं ले पा रहे हैं। मामला इतना बढ़ गया कि खिलाड़ी को अब कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा है।
IPL 2026: नुवान तुषारा ने कोर्ट का लिया सहारा
श्रीलंका के तेज गेंदबाज नुवान तुषारा को आईपीएल 2026 में खेलने के लिए श्रीलंका क्रिकेट की तरफ से अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं दिया गया है। बोर्ड ने इस बार नियम बनाया है कि किसी भी खिलाड़ी को विदेशी लीग में खेलने के लिए पहले फिटनेस टेस्ट पास करना होगा।

तुषारा इस फिटनेस टेस्ट में सफल नहीं हो सके, जिसके चलते उन्हें एनओसी नहीं दी गई। इसके बाद उन्होंने कोलंबो जिला न्यायालय में याचिका दायर कर बोर्ड को एनओसी जारी करने का निर्देश देने की मांग की है। इस मामले की सुनवाई 9 अप्रैल को तय की गई है।
IPL 2026: फिटनेस टेस्ट बना विवाद की जड़
श्रीलंका क्रिकेट द्वारा लागू किया गया फिटनेस नियम इस पूरे विवाद की मुख्य वजह बना हुआ है। बोर्ड का मानना है कि बिना फिटनेस टेस्ट पास किए किसी खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
हालांकि तुषारा का कहना है कि उनकी फिटनेस पहले कभी भी सवालों के घेरे में नहीं रही और उन्हें इसी फिटनेस स्तर के साथ पहले भी खेलने की अनुमति मिलती रही है। ऐसे में अचानक नियमों का सख्ती से लागू होना उनके लिए परेशानी बन गया है।

IPL 2026: अनुबंध खत्म होने के बाद भी रोक
नुवान तुषारा ने अपनी याचिका में यह भी दलील दी है कि श्रीलंका क्रिकेट के साथ उनका अनुबंध 31 मार्च को समाप्त हो चुका है और वह इसे आगे नहीं बढ़ाना चाहते। इसके बावजूद उन्हें एनओसी नहीं दिया जा रहा है, जो उनके पेशेवर करियर में बाधा बन रहा है। तुषारा का कहना है कि अनुबंध खत्म होने के बाद उन्हें अपने फैसले लेने की आजादी होनी चाहिए।
IPL 2026: इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का फैसला
नुवान तुषारा ने श्रीलंका क्रिकेट को यह भी जानकारी दी थी कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेना चाहते हैं। इसके बावजूद बोर्ड ने उन्हें एनओसी नहीं दिया, जिससे विवाद और गहरा गया है। अब यह मामला कोर्ट में पहुंच चुका है और सभी की नजरें 9 अप्रैल की सुनवाई पर टिकी हैं।