NED vs NAM Match Highlights: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में नामीबिया को नीदरलैंड के हाथों करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। 12 फरवरी को भारत से भिड़ने से पहले यह हार नामीबिया के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है, क्योंकि उसी मैदान पर उसे अगला मुकाबला खेलना है। नीदरलैंड ने 7 विकेट से जीत दर्ज कर न सिर्फ टूर्नामेंट में अपना खाता खोला, बल्कि पॉइंट्स टेबल में पाकिस्तान को भी पीछे छोड़ दिया।
इस जीत ने ग्रुप ए की तस्वीर को और दिलचस्प बना दिया है। दो मैचों के बाद नीदरलैंड के खाते में 2 अंक आ गए हैं और बेहतर रन रेट के दम पर उसने पाकिस्तान से आगे निकलते हुए दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। भारत फिलहाल ग्रुप में शीर्ष पर बना हुआ है।
NED vs NAM: डी लीड की धुआंधार पारी, जीत की मजबूत नींव
157 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नीदरलैंड की शुरुआत लड़खड़ाती दिखी। पावरप्ले के भीतर ही दो विकेट गिर गए, लेकिन इसके बाद बस डी लीड ने पारी को पूरी मजबूती से संभाला। उन्होंने कॉलिन अकरमैन और कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स के साथ अहम साझेदारियां कर मैच का रुख पलट दिया।
डी लीड ने 150 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंदों में नाबाद 72 रन बनाए। उनकी इस पारी में 5 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। यह उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का चौथा अर्धशतक रहा। तीसरे विकेट के लिए अकरमैन के साथ 70 रन और फिर चौथे विकेट के लिए एडवर्ड्स के साथ नाबाद 43 रन की साझेदारी ने जीत को आसान बना दिया। नतीजा यह रहा कि नीदरलैंड ने 18वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
NED vs NAM: नामीबिया की बल्लेबाजी फिर रही फीकी
इससे पहले नामीबिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 156 रन बनाए। टीम का कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक तक नहीं पहुंच सका। सबसे ज्यादा 42 रन निकोल लॉफ्टी के बल्ले से निकले, लेकिन मध्यक्रम और अंत के ओवरों में रन गति बनाए रखने में नामीबिया नाकाम रहा।
NED vs NAM: लोगान वैन वीक की गेंदबाजी असरदार
नीदरलैंड की ओर से गेंदबाजी में लोगान वैन वीक सबसे प्रभावी रहे। उन्होंने अहम मौकों पर 2 विकेट चटकाकर नामीबिया की रन गति पर लगाम लगाई। बाकी गेंदबाजों ने भी सटीक लाइन-लेंथ के साथ दबाव बनाए रखा, जिसका फायदा बाद में बल्लेबाजों ने उठाया।
NED vs NAM: पॉइंट्स टेबल में बड़ा उलटफेर
नीदरलैंड की यह दो मैचों में पहली जीत है। पहले मुकाबले (NED vs NAM) में पाकिस्तान से हार झेलने के बाद इस जीत ने टीम का आत्मविश्वास बढ़ाया है। अब 2 अंकों के साथ नीदरलैंड ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है, जबकि पाकिस्तान बेहतर रन रेट के अभाव में तीसरे नंबर पर खिसक गया है। टूर्नामेंट के आगे बढ़ने के साथ ग्रुप ए की जंग और रोमांचक होने के संकेत दे रही है।