सुपर-8 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले से पहले अभिषेक शर्मा की खराब फॉर्म पर सवाल उठ रहे हैं, लेकिन बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्केल ने बयान दिया है।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में क्या प्लेइंग XI से बाहर होंगे अभिषेक शर्मा? मोर्ने मोर्केल ने तोड़ी चुप्पी
Table of Contents
Abhishek Sharma place ahead of IND vs SA: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण से पहले भारतीय टीम चयन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। खासकर युवा ओपनर अभिषेक शर्मा की लगातार नाकामी ने टीम मैनेजमेंट की रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रुप स्टेज में तीन मैचों में लगातार शून्य पर आउट होने के बाद उनकी जगह पर संकट के बादल मंडराते नजर आए।
भारत का पहला सुपर-8 मुकाबला अब तक अजेय रही साउथ अफ्रीका से है, ऐसे में टीम संयोजन को लेकर हर फैसला बेहद अहम माना जा रहा है। फैंस और विशेषज्ञों के बीच यह बहस तेज है कि क्या टीम मैनेजमेंट अनुभवी विकल्प की ओर जाएगा या फिर युवा खिलाड़ी पर भरोसा बरकरार रखेगा।
IND vs SA: मोर्ने मोर्केल ने किया अभिषेक का खुलकर समर्थन
भारत के बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्केल ने प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ कर दिया कि टीम मैनेजमेंट अभिषेक शर्मा के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि उनकी खराब फॉर्म को लेकर टीम के भीतर कोई चर्चा नहीं है और सभी को उनके जल्द वापसी करने का भरोसा है।
मोर्केल ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “तीन डक को लेकर कोई चर्चा नहीं है। वह वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी हैं। वह वापसी करेंगे। नेट्स में वह गेंद को शानदार तरीके से हिट कर रहे हैं।” इस बयान से साफ है कि टीम फिलहाल युवा ओपनर को बैक करने के मूड में है।
IND vs SA: संजू सैमसन विकल्प के रूप में मौजूद
हालांकि टीम के पास संजू सैमसन के रूप में एक मजबूत विकल्प मौजूद है। नामीबिया के खिलाफ मुकाबले में अभिषेक की जगह खेलने उतरे सैमसन ने 8 गेंदों में 22 रन की तेज पारी खेलकर शीर्ष क्रम को स्थिरता दी थी।
IND vs SA: सुपर-8 में भारत को चाहिए मजबूत शुरुआत
सुपर-8 जैसे निर्णायक चरण में भारत को ठोस शुरुआत की सख्त जरूरत होगी, खासकर तब जब सामने साउथ अफ्रीका जैसी संतुलित और अजेय टीम हो। ऐसे में ओपनिंग जोड़ी की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।