मोहम्मद शमी ने रिटायरमेंट की अटकलों पर विराम लगाते हुए साफ कहा कि वह अभी क्रिकेट छोड़ने के बारे में नहीं सोच रहे हैं और पूरी तरह से खेल पर फोकस कर रहे हैं।
‘ऐसा होने पर छोड़ दूंगा क्रिकेट…’ रिटायरमेंट की अटकलें पर मोहम्मद शमी ने तोड़ी चुप्पी, दिया बड़ा बयान
Table of Contents
Mohammed Shami on retirement: भारतीय टीम से बाहर चल रहे अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी एक बार फिर चर्चा में हैं। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बावजूद टीम इंडिया में वापसी नहीं होने से उनके रिटायरमेंट को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। लेकिन अब खुद शमी ने सामने आकर इन सभी अफवाहों पर विराम लगा दिया है।
हाल ही में दिए गए एक बयान में शमी ने साफ कर दिया कि अभी उनका क्रिकेट छोड़ने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक उनके अंदर खेलने का जुनून है, तब तक वह मैदान नहीं छोड़ेंगे। उनके इस बयान ने फैंस के बीच नई उम्मीद जगा दी है।
रिटायरमेंट को लेकर क्या बोले Mohammed Shami
रिटायरमेंट को लेकर शमी (Mohammed Shami) ने खुलकर अपनी सोच साझा की। उन्होंने कहा कि वह तभी क्रिकेट छोड़ेंगे जब उन्हें खुद लगेगा कि अब उनका मन नहीं है। उनका मानना है कि अगर खिलाड़ी के मन में रिटायरमेंट का ख्याल आने लगे, तो इसका मतलब है कि वह मानसिक रूप से थक चुका है। शमी ने साफ कहा कि अभी वह ना तो थके हैं और ना ही बोर हुए हैं। वह खेल का पूरा आनंद ले रहे हैं और इसलिए संन्यास के बारे में सोचने का सवाल ही नहीं उठता।

चयनकर्ताओं के फैसले पर भी दिया जवाब
पिछले कुछ समय से चयनकर्ताओं द्वारा नजरअंदाज किए जाने को लेकर भी शमी (Mohammed Shami) ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनका काम सिर्फ प्रदर्शन करना है, जबकि टीम में चयन का फैसला मैनेजमेंट के हाथ में होता है। घरेलू क्रिकेट में 67 विकेट लेने के बावजूद टीम में जगह न मिलना जरूर सवाल खड़े करता है, लेकिन शमी ने इस पर ज्यादा प्रतिक्रिया देने से बचते हुए अपने खेल पर ध्यान देने की बात कही।

लखनऊ के लिए देंगे 100 प्रतिशत
IPL 2026 में शमी लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलते नजर आएंगे। फ्रेंचाइजी ने उन पर 10 करोड़ रुपये का बड़ा दांव लगाया है। शमी (Mohammed Shami) ने कहा कि वह मैदान पर हमेशा अपना 100 प्रतिशत देंगे और टीम की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे। उनके मुताबिक, एक खिलाड़ी के लिए सबसे अहम चीज संतुष्टि होती है और वह उसी के लिए खेलते हैं।