रोजर बिन्नी के बाद CSK का पूर्व खिलाड़ी बना BCCI का नया बॉस, जानें ऑलराउंडर की पूरी कहानी

BCCI: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को पूर्व क्रिकेटर के रूप में अपना तीसरा लगातार अध्यक्ष मिल गया है। रविवार, 28 सितंबर को मुंबई में हुई एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) में दिल्ली के पूर्व कप्तान मिथुन मनहास (Mithun Manhas) को सर्वसम्मति से बीसीसीआई का नया अध्यक्ष चुना गया।

iconPublished: 28 Sep 2025, 04:53 PM
iconUpdated: 28 Sep 2025, 04:55 PM

Mithun Manhas Elected as BCCI President: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को नया अध्यक्ष मिल गया है। मुंबई में रविवार, 28 सितंबर को हुई एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) में चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली के पूर्व क्रिकेटर मिथुन मनहास को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया।

मिथुन मनहास (Mithun Manhas) इस पद पर निर्विरोध चुने गए और पूर्व अध्यक्ष रॉजर बिन्नी की जगह संभालेंगे। दिलचस्प बात ये है कि मनहास लगातार तीसरे ऐसे क्रिकेटर बने हैं, जिन्होंने इस प्रतिष्ठित पद को हासिल किया है। उनसे पहले सौरव गांगुली और रॉजर बिन्नी बीसीसीआई के अध्यक्ष रह चुके हैं।

बीसीसीआई में नई जिम्मेदारियों का आगाज

45 साल के मिथुन मनहास (Mithun Manhas) अब भारतीय क्रिकेट का नया जिम्मा संभालेंगे। उनसे लोगों को उम्मीद है कि वो क्रिकेट को नए नजरिए से आगे बढ़ाएंगे, जहां खिलाड़ियों का विकास, अच्छा प्रदर्शन और नए-नए बदलाव सब एक साथ नजर आएंगे। इससे पहले मिथुन मनहास जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन में क्रिकेट निदेशक रह चुके हैं और वहां कई बड़े फैसले लेकर चर्चा में रहे थे।

Mithun Manhas elected as BCCI President after Roger Binny

एनुअल जनरल मीटिंग में अन्य पदों के लिए भी चुनाव हुए। राजीव शुक्ला उपाध्यक्ष चुने गए, जबकि देवजीत सैकिया सचिव बने। प्रभतेज सिंह भाटिया को संयुक्त सचिव और ए. रघुराम भट्ट को कोषाध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा जयदेव निरंजन शाह एपेक्स काउंसिल में शामिल हुए, जबकि अरुण सिंह धूमल और एम. खैरुल जमाल मजूमदार गवर्निंग काउंसिल के सदस्य बने।

कौन हैं मिथुन मनहास?

मिथुन मनहास (Mithun Manhas) का जन्म 12 अक्टूबर 1979 को जम्मू-कश्मीर में हुआ। वो भारतीय टीम के लिए भले न खेल पाए हों, लेकिन घरेलू क्रिकेट में उन्होंने अपनी धाक जमाई। दाएं हाथ के बल्लेबाज मनहास गेंदबाजी और विकेटकीपिंग भी कर लेते थे। दिल्ली की ओर से खेलते हुए उन्होंने कई बार कप्तानी संभाली। खास बात ये रही कि उनकी कप्तानी में ही युवा विराट कोहली ने दिल्ली के लिए अपना डेब्यू किया था।

18 साल लंबे फर्स्ट क्लास करियर में मिथुन मनहास ने 157 मैचों में 9714 रन बनाए। इसमें 27 शतक और 49 अर्धशतक शामिल हैं। 2007-08 का रणजी सीजन उनके करियर का सबसे सुनहरा दौर रहा। उस साल उन्होंने न सिर्फ दिल्ली को रणजी ट्रॉफी का खिताब दिलाया, बल्कि खुद भी 921 रन ठोक डाले।

Mithun Manhas का आईपीएल सफर

मिथुन मनहास का आईपीएल करियर भी यादगार रहा। उन्होंने शुरुआत दिल्ली डेयरडेविल्स (2008-2010) से की, फिर पुणे वॉरियर्स (2011-2013) से जुड़े और 2014 में चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी पहनी। अपने आईपीएल करियर में मिथुन मनहास ने 55 मैचों में 514 रन बनाए।

Read More Here:

दिनेश कार्तिक ने संन्यास से लिया यू-टर्न! संभालेंगे टीम इंडिया की कप्तानी, रविचंद्रन अश्विन का भी मिलेगा साथ

हारिस रऊफ पर लगेगा फाइन? ‘प्लेन क्रैश जेस्चर’ से भारतीय फैंस को भड़काया, जानें क्या कहती है ICC रूलबुक

रोहित शर्मा और विराट कोहली ने कितने खेले हैं इंटरनेशनल टूर्नामेंट? एशिया कप 2025 स्क्वॉड अनाउंसमेंट से पहले देखें पूरी लिस्ट