KKR vs DC मैच में बारिश बनेगी विलेन या पूरा होगा मुकाबला? मैच से पहले कोलकाता की वेदर रिपोर्ट आई सामने
KKR vs DC मुकाबले से पहले ईडन गार्डन्स के मौसम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। जानिए मैच के दौरान कोलकाता का वेदर फोरकास्ट कैसा रहेगा और क्या बारिश प्लेऑफ की रेस में केकेआर का खेल बिगाड़ सकती है।
KKR vs DC Weather Update: आईपीएल 2026 का आखिरी लीग मुकाबला 24 मई को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें आमने-सामने हैं। इस मुकाबले पर सिर्फ दोनों टीमों के फैंस की ही नहीं बल्कि प्लेऑफ की रेस में शामिल बाकी टीमों की भी नजरें टिकी हुई हैं। खास बात ये है कि मैच शुरू होने से पहले सबसे ज्यादा चर्चा मौसम को लेकर हो रही है।
ईडन गार्डन्स में खेले गए पिछले मुकाबले के दौरान बारिश ने खेल में बाधा डाली थी, जिस कारण फैंस के मन में इस मैच को लेकर भी चिंता बनी हुई थी। हालांकि ताजा वेदर रिपोर्ट के अनुसार इस बार मौसम साफ रहने की उम्मीद है और पूरे 40 ओवर का मुकाबला देखने को मिल सकता है। इसी बीच टॉस जीतकर कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
KKR vs DC: मैच के दौरान कैसा रहेगा कोलकाता का मौसम?
Accuweather के अनुसार मुकाबले (KKR vs DC) के दौरान कोलकाता का मौसम साफ रहने की संभावना है। मैच के समय ह्यूमिडिटी 77 से 90 प्रतिशत के बीच रह सकती है, जिससे खिलाड़ियों को काफी उमस का सामना करना पड़ सकता है। वहीं दिन और रात दोनों समय बारिश की संभावना बेहद कम बताई गई है। आज कोलकाता का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
KKR vs DC: पिछले मैच में बारिश ने रोका था खेल
ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए पिछले मुकाबले में भी शुरुआत में मौसम साफ नजर आ रहा था, लेकिन पहली पारी के दौरान अचानक बारिश आ गई थी। करीब 8 ओवर का खेल होने के बाद मुकाबला कुछ समय के लिए रोकना पड़ा था। ऐसे में फैंस इस बार भी मौसम पर नजर बनाए हुए हैं, हालांकि फिलहाल वेदर रिपोर्ट राहत देने वाली दिखाई दे रही है।
KKR vs DC: प्लेऑफ की रेस के लिए अहम है यह मुकाबला
कोलकाता नाइट राइडर्स अभी भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है और टीम के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा माना जा रहा है। हालांकि केकेआर की किस्मत सिर्फ इस मैच पर निर्भर नहीं है, क्योंकि राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के मैच का परिणाम भी अहम भूमिका निभाएगा। अगर राजस्थान जीत जाती है तो केकेआर की उम्मीदें खत्म हो जाएंगी।
KKR vs DC: टॉस जीतकर केकेआर ने चुनी गेंदबाजी
कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतते ही पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। केकेआर इस मुकाबले में बिना किसी बदलाव के उतरी है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी प्लेइंग 11 में बदलाव करते हुए आकिब नबी डार और कुलदीप यादव को मौका दिया है।