जिस खिलाड़ी को IPL में नहीं मिला खरीदार, उसी ने 1 ओवर में 34 रन ठोककर मचाई तबाही
IPL ऑक्शन में अनसोल्ड रहने वाले बल्लेबाज ने SA20 में बल्ले से कहर बरपा दिया। सनराइजर्स ईस्टर्न केप के लिए खेलते हुए उन्होंने एक ओवर में 34 रन ठोके और टीम को मुकाबला जीता दिया।
साउथ अफ्रीका में खेली जा रही SA20 लीग में एक ऐसा नज़ारा देखने को मिला, जिसने IPL ऑक्शन की साख पर फिर सवाल खड़े कर दिए। जिस खिलाड़ी को IPL मिनी ऑक्शन में किसी भी फ्रेंचाइजी ने खरीदना जरूरी नहीं समझा, उसी ने SA20 में बल्ले से ऐसी तबाही मचाई कि गेंदबाज बेबस नजर आए।
सनराइजर्स ईस्टर्न केप और प्रिटोरिया कैपिटल्स के बीच खेले गए मुकाबले में एकतरफा खेल देखने को मिला। 177 रनों का लक्ष्य महज़ औपचारिकता साबित हुआ, क्योंकि सनराइजर्स के ओपनर्स ने शुरुआत से ही मैच को पूरी तरह अपनी पकड़ में ले लिया।
इस मुकाबले में जॉनी बेयरस्टो (Jonny Bairstow) का बल्ला पूरी तरह आग उगलता दिखा। रन चेज के दौरान उन्होंने एक ओवर में 34 रन ठोक दिए, जिसमें चौकों-छक्कों की बरसात देखने को मिली। यही ओवर मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ, जहां से प्रिटोरिया कैपिटल्स की वापसी की सारी उम्मीदें खत्म हो गईं। IPL ऑक्शन में अनसोल्ड रहने वाले बेयरस्टो ने इस ओवर से यह साफ कर दिया कि फॉर्म और क्लास को नीलामी से नहीं आंका जा सकता।
Jonny Bairstow smashed 34 runs in an over of Keshav Maharaj. Man has still got it. Surely he will get the IPL call incase of any injury. pic.twitter.com/wP51wwRdHU
प्रिटोरिया कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स ईस्टर्न केप के सामने 177 रनों का लक्ष्य रखा था। जवाब में सनराइजर्स की टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए सिर्फ 14.2 ओवर यानी 86 गेंदों में लक्ष्य हासिल कर लिया। क्विंटन डी कॉक और जॉनी बेयरस्टो (Jonny Bairstow) की जोड़ी ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया।
Jonny Bairstow-डी कॉक की तूफानी पारियां
क्विंटन डी कॉक ने 41 गेंदों पर नाबाद 79 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। वहीं जॉनी बेयरस्टो ने 45 गेंदों में नाबाद 85 रनों की विस्फोटक पारी खेली। बेयरस्टो (Jonny Bairstow) ने 8 चौके और 6 छक्के लगाए और उनका स्ट्राइक रेट करीब 189 का रहा। इन दोनों की साझेदारी के दम पर सनराइजर्स ने लक्ष्य को बेहद आसान बना दिया।
पॉइंट्स टेबल में टॉप पर सनराइजर्स
SA20 2025-26 के पॉइंट्स टेबल पर नज़र डालें तो सनराइजर्स ईस्टर्न केप की टीम पांच मैचों में तीन जीत के साथ पहले स्थान पर काबिज़ है और उनके खाते में 17 अंक हैं। दूसरी ओर प्रिटोरिया कैपिटल्स पांच मैचों में सिर्फ एक जीत के साथ पांचवें नंबर पर बनी हुई है। सनराइजर्स का यह प्रदर्शन उन्हें खिताब का मजबूत दावेदार बना रहा है।