टीम इंडिया के स्टार Ishan Kishan अब इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेलेंगे। नॉटिंघमशायर के लिए दो मुकाबलों में उतरेंगे। वह ट्रेंट ब्रिज में काउंटी डेब्यू करेंगे।
Ishan Kishan: ईशान किशन का हैरान कर देने वाला फैसला, टीम इंडिया में नहीं मिली जगह तो इस देश में क्रिकेट खेलने की कर ली डील!
Ishan Kishan: भारतीय क्रिकेट टीम इस समय इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज़ खेल रही है, जहां कई युवा चेहरों को मौका मिला है। हालांकि, एक नाम जो लगातार टीम से बाहर चल रहा है, वह है विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ईशान किशन। चयनकर्ताओं की नजरों से ओझल चल रहे किशन को एक बार फिर नज़रअंदाज़ किया गया है, जिससे उन्होंने अब अपने करियर को एक नया मोड़ देने का फैसला किया है।
टीम इंडिया से बाहर होने के बावजूद ईशान ने क्रिकेट से दूरी नहीं बनाई, बल्कि उन्होंने ऐसा कदम उठाया है जो उनके इरादों को और भी स्पष्ट करता है। उन्होंने अब एक विदेशी टीम से जुड़कर खुद को नए सिरे से साबित करने की राह चुनी है और वो भी इंग्लैंड की धरती पर, जहां इस समय टीम इंडिया टेस्ट मुकाबले खेल रही है।
इस टीम से खेलेंगे ईशान किशन
ईशान किशन ने इंग्लैंड की मशहूर काउंटी टीम नॉटिंघमशायर के साथ एक छोटा अनुबंध साइन किया है। इस दौरान वह दो काउंटी चैंपियनशिप मैचों में खेलेंगे। पहला मुकाबला 22 जून को ट्रेंट ब्रिज में यॉर्कशायर के खिलाफ और दूसरा 29 जून को टॉनटन में समरसेट के खिलाफ होगा।
ट्रेंट ब्रिज पर दिखेगा भारतीय खिलाड़ी का धमाल
ईशान किशन ने अपने चयन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "मैं काउंटी क्रिकेट में खेलने के लिए बहुत उत्साहित हूं। इंग्लैंड की पिचों पर खेलना मेरे लिए एक शानदार अवसर होगा। इससे मुझे अपने खेल को और बेहतर करने का मौका मिलेगा। ट्रेंट ब्रिज जैसे ऐतिहासिक मैदान पर खेलना किसी भी खिलाड़ी के लिए गर्व की बात होती है और मैं इस अनुभव के लिए बेहद रोमांचित हूं।"

नॉटिंघमशायर काउंटी क्लब के हेड कोच पीटर मूर्स ने किशन की प्रतिबद्धता और उनके दृष्टिकोण की सराहना की। उन्होंने कहा, "ईशान न केवल एक दमदार हिटर हैं, बल्कि वह अपने रेड बॉल गेम को आगे बढ़ाने के लिए बेहद उत्साहित हैं। हम चाहते हैं कि खिलाड़ी अपने स्वाभाविक अंदाज़ में खेलें और किशन उसी सोच के साथ हमारे साथ जुड़ रहे हैं।"
लिमिटेड ओवर्स के अलावा फर्स्ट क्लास में भी दमदार प्रदर्शन
हालांकि ईशान किशन को टी20 और वनडे के एक विस्फोटक खिलाड़ी के रूप में जाना जाता है, लेकिन उनके प्रथम श्रेणी करियर के आंकड़े भी प्रभावशाली हैं। किशन ने अब तक 58 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 3447 रन बनाए हैं, जिसमें आठ शतक और 17 अर्धशतक शामिल हैं। विकेटकीपिंग में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है—118 कैच और 11 स्टंपिंग उनके नाम दर्ज हैं।

भारतीय सितारों की काउंटी में बढ़ती मौजूदगी
ईशान किशन के अलावा इस समर काउंटी क्रिकेट में कई भारतीय खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। तिलक वर्मा हैम्पशायर के लिए खेल रहे हैं, रुतुराज गायकवाड़ यॉर्कशायर से जुड़ेंगे, जबकि युजवेंद्र चहल नॉर्थैम्पटनशायर में वापसी करेंगे। ऐसे में यह भारतीय खिलाड़ियों के लिए इंग्लिश कंडीशन्स में अनुभव और प्रदर्शन का बेहतरीन अवसर बन गया है।
Read more: