IRE vs OMAN: आयरलैंड का ऑलराउंड शो, 96 रन से ओमान को रौंदा; दर्ज की पहली जीत

आयरलैंड ने ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर ओमान को 96 रन से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी पहली जीत दर्ज की और 235 रन बनाकर इतिहास रच दिया।

iconPublished: 14 Feb 2026, 03:33 PM
iconUpdated: 14 Feb 2026, 03:49 PM

IRE vs OMAN Match Highlights: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आयरलैंड ने दमदार प्रदर्शन करते हुए ओमान को 96 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज कर ली। कोलंबो में खेले गए इस मुकाबले में आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 236 रन का विशाल लक्ष्य खड़ा किया, जिसके जवाब में ओमान की टीम 18 ओवर में 139 रन पर सिमट गई।

इस जीत के साथ ग्रुप बी की अंक तालिका में रोमांच बढ़ गया है। आयरलैंड के खाते में अब दो अंक हो गए हैं, जिससे ऑस्ट्रेलिया की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। जिम्बाब्वे से हार के बाद पहले ही दबाव में चल रही ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए अब आगे की राह और कठिन हो गई है।

IRE vs OMAN: टकर की कप्तानी पारी से बना ऐतिहासिक स्कोर

इस मुकाबले (IRE vs OMAN) में आयरलैंड के कप्तान लॉर्कन टकर ने एक बार फिर अपने बल्ले से कमाल करते हुए 51 गेंदों पर नाबाद 94 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। टकर की इस शानदार कप्तानी पारी की बदौलत आयरलैंड ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 235 रन बनाए, जो टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है और आयरलैंड का अब तक का सर्वोच्च टी20 स्कोर भी।

Ireland celebrate their win over Oman, Ireland vs Oman, T20 World Cup, Colombo, February 14, 2026

IRE vs OMAN: डेलेनी और डॉकरेल के साथ रिकॉर्ड साझेदारियां

टकर को गैरेथ डेलेनी और जॉर्ज डॉकरेल का शानदार साथ मिला। टकर और डेलेनी के बीच 56 गेंदों पर 101 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई, जिसने टीम को संकट से उबारकर मजबूत स्थिति में पहुंचाया। डेलेनी ने 30 गेंदों पर 56 रन की तेजतर्रार पारी खेली।

Matthew Humphreys struck early for Ireland, Ireland vs Oman, T20 World Cup, Colombo, February 14, 2026

वहीं, अंतिम ओवरों में टकर और जॉर्ज डॉकरेल ने 19 गेंदों में 70 रन की नाबाद साझेदारी कर ओमान के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। डॉकरेल ने सिर्फ 9 गेंदों पर 35 रन बनाकर मैच का रुख पूरी तरह आयरलैंड की ओर मोड़ दिया।

IRE vs OMAN: ओमान की पारी टूटती चली गई

236 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओमान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। 24 रन पर कप्तान जतिंदर सिंह और आशीष के विकेट गिरने के बाद टीम दबाव में आ गई। इसके बाद आमिर कलीम और हम्माद मिर्जा ने 49 गेंदों में 73 रन की साझेदारी कर कुछ उम्मीद जगाई।

Shakeel Ahmed struck thrice inside the powerplay, Ireland vs Oman, T20 World Cup, Colombo, February 14, 2026

बैरी मैकार्थी ने कलीम (50) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा, जिसके बाद ओमान की पारी बिखर गई। मिर्जा ने 37 गेंदों पर 46 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंच सके और पूरी टीम 139 रन पर सिमट गई।