आईपीएल 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स नए कप्तान के साथ नई शुरुआत करने जा रही है। संजू सैमसन के चेन्नई सुपर किंग्स जाने के बाद टीम युवा खिलाड़ी पर भरोसा जता सकती है।
IPL 2026 में कौन संभालेगा राजस्थान रॉयल्स की कमान? फैसला लेने को तैयार टीम मैनेजमेंट
IPL 2026, Rajasthan Royals Captain: आईपीएल 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स में बड़े बदलाव की आहट सुनाई दे रही है। पिछले कुछ सीजन से टीम की अगुवाई कर रहे संजू सैमसन अब फ्रेंचाइज़ी का हिस्सा नहीं हैं और उनके चेन्नई सुपर किंग्स में जाने के बाद कप्तानी का पद खाली हो गया है। टीम मैनेजमेंट इस बार नए नेतृत्व के साथ नई शुरुआत करने के मूड में है।
साल 2025 राजस्थान रॉयल्स के लिए निराशाजनक रहा था। संजू सैमसन चोट के कारण 8 मुकाबलों से बाहर रहे और टीम पूरे सीजन में सिर्फ 4 मैच जीतकर अंक तालिका में नीचे से दूसरे स्थान पर रही। खराब प्रदर्शन के बाद खुद सैमसन ने बदलाव की इच्छा जताई और ट्रेड के जरिए उन्हें सीएसके भेज दिया गया। अब फ्रेंचाइज़ी नए कप्तान के साथ नई दिशा तय करने की तैयारी में है।
IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स का नया कप्तान कौन?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईपीएल 2026 के लिए राजस्थान रॉयल्स ने 24 वर्षीय युवा स्टार रियान पराग को टीम की कमान सौंपने का फैसला कर लिया है। 2019 से टीम के साथ जुड़े पराग लंबे समय से फ्रेंचाइज़ी का हिस्सा रहे हैं और टीम मैनेजमेंट उन्हें भविष्य के नेता के रूप में देख रहा है।

पिछले सीजन में जब संजू सैमसन चोटिल हुए थे, तब पराग ने 8 मैचों में कप्तानी संभाली थी। हालांकि टीम सिर्फ 2 मैच जीत सकी, लेकिन पराग की बल्लेबाजी और मैदान पर उनके आत्मविश्वास ने सभी का ध्यान खींचा। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ उनकी 95 रन की पारी ने यह संकेत दे दिया था कि वह दबाव में भी बड़ी जिम्मेदारी निभाने की क्षमता रखते हैं।
IPL 2026: संगाकारा ने इंटरव्यू के बाद लिया बड़ा फैसला
रिपोर्ट के अनुसार, हेड कोच कुमार संगाकारा ने कप्तान चुनने से पहले कई खिलाड़ियों से बातचीत और इंटरव्यू किए। टीम के भविष्य, रणनीति और नेतृत्व क्षमता को ध्यान में रखते हुए रियान पराग को सबसे उपयुक्त विकल्प माना गया।

यह फैसला राजस्थान रॉयल्स के लिए नए युग की शुरुआत भी माना जा रहा है। राहुल द्रविड़ के जाने के बाद संगाकारा पूरी तरह टीम की कमान संभाल चुके हैं और अब नई कप्तानी के साथ टीम खिताब के सूखे को खत्म करने की उम्मीद में उतरेगी। राजस्थान ने उद्घाटन सीजन के बाद अब तक ट्रॉफी नहीं जीती है।
IPL 2026: आईपीएल में अब तक रियान पराग का प्रदर्शन
रियान पराग का आईपीएल करियर लगातार ग्राफ ऊपर की ओर दिखाता है। उन्होंने अब तक 84 मैचों में 1566 रन बनाए हैं और 7 विकेट भी झटके हैं। 2024 उनका सर्वश्रेष्ठ सीजन रहा, जिसमें उन्होंने 573 रन बनाए, 52.09 के औसत और 149.21 के स्ट्राइक रेट के साथ शानदार प्रदर्शन किया। पिछले सीजन में भी पराग ने 393 रन 166.52 के स्ट्राइक रेट से बनाए, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी का प्रमाण है। उनकी निरंतरता और मैच फिनिश करने की क्षमता ही उन्हें कप्तानी का मजबूत दावेदार बनाती है।
Read More: 6,6,6,6,6... मैदान पर आते ही दासुन शनाका ने की छक्के की बौछार, तूफानी अर्द्धशतक जड़ रच दिया इतिहास
अफगानिस्तान के खिलाड़ी को मैदान पर आपा खोना पड़ा भारी, ICC ने ठोका भारी जुर्माना
नामीबिया के खिलाफ खेलेंगे अभिषेक शर्मा? इस खिलाड़ी के पास Playing XI में जगह बनाने का आखिरी मौका