आईपीएल 2026 में यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की जोड़ी ने इतिहास रचते हुए सबसे कम गेंदों में 500 रन पूरे करने वाली भारतीय जोड़ी का रिकॉर्ड बनाया।
IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने मिलकर रचा इतिहास, बने ऐसा करने वाले सबसे तेज भारतीय जोड़ी
IPL 2026, Vaibhav Suryavanshi - Yashasvi Jaiswal record: आईपीएल 2026 में एक बार फिर युवा बल्लेबाजों का जलवा देखने को मिल रहा है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के मुकाबले में बल्लेबाजों ने जमकर रन बरसाए, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा रही राजस्थान की ओपनिंग जोड़ी की।
कप्तान रियान पराग के टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के फैसले को यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने सही साबित किया। दोनों ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और गुजरात के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया, जिससे टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ती नजर आई।
IPL 2026: वैभव-यशस्वी इस मामले में बने सबसे तेज भारतीय जोड़ी
यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने पावरप्ले में ही मैच का रुख तय कर दिया। दोनों ने पहले 6 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 69 रन जोड़ दिए और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इस दौरान दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 70 रनों की शानदार साझेदारी देखने को मिली।

इसी साझेदारी के दौरान दोनों बल्लेबाजों ने आईपीएल इतिहास में एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल अब सबसे कम गेंदों में मिलकर 500 रन बनाने वाली भारतीय जोड़ी बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर के नाम था, जिन्होंने 309 गेंदों में यह आंकड़ा छुआ था, जबकि सूर्यवंशी-जायसवाल ने यह कारनामा सिर्फ 248 गेंदों में कर दिखाया।
IPL 2026: पावरप्ले में दिखा आक्रामक अंदाज
दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक क्रिकेट खेला और गुजरात के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। यशस्वी जायसवाल ने शानदार टाइमिंग और शॉट सिलेक्शन के दम पर रन गति को तेज रखा, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने भी बड़े शॉट्स लगाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई।

हालांकि 70 के स्कोर पर राजस्थान को पहला झटका लगा जब वैभव सूर्यवंशी 31 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन तब तक वे टीम को मजबूत प्लेटफॉर्म दे चुके थे। इसके बाद यशस्वी ने अपनी पारी को आगे बढ़ाते हुए 36 गेंदों में 55 रनों की अहम पारी खेली।
IPL 2026: ध्रुव जुरेल ने निभाई फिनिशर की भूमिका
मिडिल ऑर्डर में ध्रुव जुरेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाने में अहम योगदान दिया। नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए जुरेल ने 42 गेंदों में 75 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 5 छक्के शामिल थे। उनकी इस पारी ने राजस्थान रॉयल्स को 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 210 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया, जिससे टीम मैच में मजबूत स्थिति में आ गई।