59 दिन और 70 मैचों के बाद IPL 2026 की लीग स्टेज खत्म हो गई। RCB, GT, SRH और राजस्थान रॉयल्स ने प्लेऑफ में जगह बनाई, आइए जानते है अंक तालिका का हाल कैसा रहा।
IPL 2026 Points Table: लीग स्टेज का रोमांच हुआ खत्म, पॉइंट्स टेबल में किस टीम ने किस स्थान पर किया सीजन समाप्त?
IPL 2026 Points Table after league stage: आईपीएल 2026 का लीग स्टेज आखिरकार 59 दिनों और 70 मुकाबलों के लंबे सफर के बाद समाप्त हो गया। रविवार 24 मई को खेले गए डबल हेडर मुकाबलों के साथ इस सीजन की लीग स्टेज का पर्दा गिरा, जहां राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को हराकर प्लेऑफ में आखिरी जगह पक्की की। वहीं दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को मात देकर जीत के साथ अपने अभियान का अंत किया। इसके साथ ही पॉइंट्स टेबल की अंतिम तस्वीर भी पूरी तरह साफ हो गई।
इस सीजन (IPL 2026) में एक बार फिर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। RCB ने सबसे पहले प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की की और लगातार बेहतरीन खेल के दम पर लीग स्टेज में टॉप पर फिनिश किया। गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद ने भी शुरुआती लड़खड़ाहट के बाद जबरदस्त वापसी करते हुए प्लेऑफ में एंट्री मारी। तीनों टीमों के 18-18 अंक रहे लेकिन बेहतर नेट रनरेट के चलते RCB पहले, गुजरात दूसरे और हैदराबाद तीसरे स्थान पर रही।
IPL 2026: राजस्थान ने आखिरी मौके पर मारी बाजी
प्लेऑफ की चौथी जगह के लिए सबसे दिलचस्प मुकाबला पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच देखने को मिला। पंजाब ने सीजन की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी और लगातार 7 मैचों तक हार नहीं झेली थी। एक समय टीम पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 पर थी लेकिन इसके बाद लगातार 6 हार ने उनकी स्थिति खराब कर दी। आखिरी मुकाबले में जीत हासिल करने के बावजूद पंजाब प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी। दूसरी ओर राजस्थान रॉयल्स ने आखिरी मैच में जीत दर्ज करते हुए 16 अंकों के साथ चौथा स्थान हासिल किया और प्लेऑफ का टिकट कटाया। पंजाब की टीम 15 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रही।
7️⃣0️⃣ games, countless memories, and endless drama... and this is exactly where we stand! 📊#TATAIPL | #KhelBindaas pic.twitter.com/VVlGvs63MN
— IndianPremierLeague (@IPL) May 24, 2026
IPL 2026: दिल्ली ने सुधारी स्थिति, KKR सातवें नंबर पर
दिल्ली कैपिटल्स ने अपने अंतिम लीग मुकाबले (IPL 2026) में जीत दर्ज कर पॉइंट्स टेबल में अपनी स्थिति बेहतर की। पूरे सीजन में उतार-चढ़ाव से गुजरने वाली दिल्ली की टीम ने 14 मैचों में 14 अंक हासिल किए और छठे स्थान पर फिनिश किया। वहीं डिफेंडिंग चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। टीम 13 अंकों के साथ सातवें स्थान पर रही और प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई।

IPL 2026: मुंबई और चेन्नई का सबसे खराब प्रदर्शन
आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीमों में शामिल चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के लिए यह सीजन बेहद निराशाजनक साबित हुआ। चेन्नई ने बीच सीजन में वापसी की कोशिश जरूर की लेकिन टीम सिर्फ 12 अंकों के साथ आठवें स्थान पर रही। वहीं पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस का हाल और भी खराब रहा। मुंबई ने 14 में से 10 मुकाबले गंवाए और टीम नौवें स्थान पर रही। सबसे बड़ा झटका लखनऊ सुपर जायंट्स को लगा, जहां सबसे महंगे खिलाड़ी ऋषभ पंत की कप्तानी वाली टीम पूरे सीजन संघर्ष करती नजर आई और अंक तालिका में सबसे नीचे 10वें स्थान पर फिनिश किया।